मुंबई, 17 फरवरी (आईएएनएस)। मशहूर सिंगर और म्यूजिक कंपोजर बी प्राक अपना नया लाइव टूर ‘साउंड ऑफ हरि’ लेकर आ रहे हैं, जिसे पारंपरिक कॉन्सर्ट से अलग एक खास अनुभव के रूप में तैयार किया गया है। यह शो मन, शरीर और आत्मा की यात्रा के रूप में डिजाइन किया गया है, जहां हीलिंग और भावनात्मक मुक्ति को केंद्र में रखा गया है।
बी प्राक ने कहा, “‘साउंड ऑफ हरि’ सामान्य अर्थों में कॉन्सर्ट नहीं है। यह एक ऐसा स्थान है जहां ध्वनि हीलिंग का माध्यम बनती है। मैं चाहता हूं कि लोग आएं, अपनी भावनाओं के साथ बैठें और हल्का महसूस करते हुए वापस जाएं।”
इस लाइव अनुभव को धीमी और गहराई से सुनने की प्रक्रिया के रूप में तैयार किया गया है, ताकि दर्शक खुद से दोबारा जुड़ सकें। शो में बी प्राक की भावनात्मक और संवेदनशील आवाज मुख्य केंद्र में होगी, जो श्रोताओं को एक आंतरिक यात्रा पर ले जाएगी।
संगीत को इमर्सिव साउंडस्केप्स के साथ परतदार तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा, जिसे सिर्फ सुना नहीं बल्कि महसूस किया जा सके। यह माहौल आत्मचिंतन और आंतरिक शांति की ओर झुकाव पैदा करेगा।
मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य पर बढ़ती चर्चाओं के बीच ‘साउंड ऑफ हरि’ एक व्यापक सांस्कृतिक बदलाव को भी दर्शाता है, जहां कॉन्सर्ट केवल मनोरंजन नहीं बल्कि थेरेपी और सामूहिक जुड़ाव का माध्यम बन रहा है।
स्टूडियो मजीमे की संस्थापक और क्रिएटिव डायरेक्टर सारा अव्वाद ने कहा, “यह ऐसा अनुभव है जिसे डिजिटल रूप में दोहराया नहीं जा सकता। आपको उस कमरे में मौजूद रहना होगा, ध्वनि और सन्नाटे को महसूस करना होगा। यही इसे खास बनाता है।”
‘साउंड ऑफ हरि’ टूर की शुरुआत 14 मार्च को अहमदाबाद से होगी। इसके बाद 21 मार्च को चंडीगढ़, 19 अप्रैल को मुंबई और 26 अप्रैल को नई दिल्ली में शो आयोजित किए जाएंगे।
यह टूर हर शहर में अलग ऊर्जा के साथ सामने आएगा, क्योंकि प्रत्येक प्रस्तुति उस स्थान और वहां मौजूद लोगों की भावना के अनुसार आकार लेगी।
–आईएएनएस
डीएससी
