नई दिल्ली, 12 मार्च (आईएएनएस)। ऑडी इंडिया ने गुरुवार को गाड़ियों की कीमतों में 2 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी का ऐलान किया। नई कीमतें एक अप्रैल से लागू होंगी।
जर्मन लग्जरी कार कंपनी ने कहा है कि यह वृद्धि देश में उसके सभी मॉडलों पर लागू होगी।
कंपनी ने कहा कि यह निर्णय बढ़ती इनपुट लागत और मुद्रा दरों में उतार-चढ़ाव के कारण लिया गया है, जिससे कार निर्माता कंपनी का कुल खर्च बढ़ गया है।
ऑडी इंडिया के ब्रांड निदेशक बलबीर सिंह ढिल्लों के अनुसार, कंपनी ने ग्राहकों पर मूल्य वृद्धि के प्रभाव को कम से कम रखने का प्रयास किया है।
ढिल्लों ने कहा,“हाल ही में बढ़ती इनपुट लागत और मुद्रा में उतार-चढ़ाव के कारण, हम 1 अप्रैल, 2026 से कीमतों में 2 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी कर रहे हैं। हम अपने ग्राहकों पर इस मूल्य वृद्धि के प्रभाव को कम से कम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
यह मूल्य वृद्धि भारत में बिकने वाले सभी ऑडी मॉडलों के एक्स-शोरूम मूल्यों पर लागू होगा।
कंपनी वर्तमान में देश में कई लग्जरी सेडान और एसयूवी गाड़ियों की बिक्री करती है, जिसमें ऑडी ए4, ऑडी ए6, ऑडी क्यू3, ऑडी क्यू5, ऑडी क्यू7 और ऑडी क्यू8 जैसी गाड़ियां शामिल हैं।
ऑडी इंडिया, देश में पहली ऑटो कंपनी ने जिसने एक अप्रैल, 2026 से कीमतों में वृद्धि का ऐलान किया है।
जर्मन लग्जरी कार कंपनी के ऐलान के बाद माना जा रहा है कि कई अन्य लग्जरी कार कंपनियां भी कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान कर सकती हैं।
इससे पहले, ऑडी इंडिया ने पिछले साल घोषणा की थी कि उन्होंने जनवरी-जून अवधि में देश में 2,128 यूनिट्स की बिक्री की थी।
ऑडी इंडिया के अनुसार, ‘ऑडी अप्रूव्ड: प्लस’, यानी प्री-ओन्ड कार कारोबार ने स्थिर प्रदर्शन के साथ मजबूती दिखाई और जनवरी-जून अवधि में 10 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की।
ब्रांड के पास वर्तमान में 26 प्री-ओन्ड कार शोरूम हैं और कंपनी इस साल और शोरूम जोड़ने की योजना बना रही है।
–आईएएनएस
एबीएस/
