यरूशलम, 26 फरवरी (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात को इजरायली राष्ट्रपति आइजैक हर्जोग के अनुसार “भारत और इजरायल की जनता साथ मिलकर अधिक सशक्त है।” उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भावनाएं व्यक्त कीं, जिसमें पीएम मोदी हिब्रू बोलते हैं और वे जवाब में “जय हिंद” कहते सुने और देखे जा सकते हैं। दोनों का मतलब एक ही है!
दस सेकंड के वीडियो क्लिप में पीएम मोदी कहते हैं- ” एम इजरायल खाई (अमर रहे इजरायल की जनता)।” भारत के प्रधानमंत्री का ये अभिवादन सुन हर्जोग फूले नहीं समाते और कहते हैं, “आप अद्भुत हैं, और आपके आम इजरायल खाई के जवाब में मैं कहूंगा जय हिंद।”
प्रधानमंत्री मोदी ने हर्जोग के पोस्ट को री-पोस्ट करते हुए उनकी बात से सहमति जताते हुए कहा, “राष्ट्रपति, मैं आपकी बात से पूर्णत सहमत हूं।” इसके साथ ही पीएम ने इस मुलाकात के दौरान टेक्नोलॉजी, इनोवेशन, स्टार्टअप्स और ऐसे ही क्षेत्रों के स्कोप को लेकर बातचीत की। पीएम मोदी ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल के तहत साथ में पौधा लगाने पर उनका शुक्रिया भी अदा किया।
पीएम मोदी ने अपने अकाउंट से एक और पोस्ट साझा की। इसमें ‘वर्ल्ड होलोकॉस्ट रिमेंबरेंस सेंटर’ ‘याद वाशेम’ में अर्पित की गई श्रद्धांजलि का ब्योरा है। उन्होंने इस अद्भुत विजिट के लिए प्रधानमंत्री नेतन्याहू को धन्यवाद दिया।
भारत के पीएम ने होलोकॉस्ट को इंसानी इतिहास के सबसे काले चैप्टर्स में से एक बताया और कहा कि यह मानवता, गरिमा और शांति बनाए रखने की आवश्यकता पर बल देने वाला मेमोरियल है।
पीएम मोदी की दो दिवसीय यात्रा गुरुवार को समाप्त हो रही है। पिछले दो दिनों में भारत-इजरायल के अटूट संबंधों और गहरी साझेदारी को लेकर बहुत सकारात्मक रुख दोनों ओर से दिखा।
बुधवार को पीएम को इजरायली प्रधानमंत्री नेतन्याहू और उनकी पत्नी सारा ने एयरपोर्ट पर रिसीव किया। इसके बाद पीएम मोदी ने इजरायली संसद नेसेट को भी संबोधित किया। वे इजरायली संसद को संबोधित करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बन गए। उन्हें संसद का सर्वोच्च सम्मान ‘स्पीकर ऑफ द नेसेट मेडल’ से भी नवाजा गया।
अपने संबोधन में नेतन्याहू ने पीएम मोदी को अपना ‘सच्चा मित्र’ और ‘मित्र से बढ़कर भाई’ तक बताया। नेतन्याहू ने भारत के प्रधानमंत्री को दुनिया का महान नेता बताते हुए ‘मोदी हग’ का भी जिक्र किया। यात्रा के दूसरे दिन पीएम एक्स के टॉप ट्रेंड में शामिल रहे।
–आईएएनएस
केआर/
