UP में आंधी-बारिश के बाद बढ़ेगी गर्मी, 18 और 19 मई को भीषण लू का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को कई स्थानों पर आंधी, गरज-चमक और बारिश की संभावना के बीच मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भीषण गर्मी और लू चलने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार 18 और 19 मई को प्रदेश के कई हिस्सों में उष्ण लहर से लेकर अत्यधिक उष्ण लहर चल सकती है।

मौसम केंद्र लखनऊ द्वारा जारी दैनिक मौसम पूर्वानुमान बुलेटिन के अनुसार 15 मई को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश और बौछारें पड़ने की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति बढ़कर 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। साथ ही मेघगर्जन और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है।मौसम विभाग के अनुसार 16 मई से प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने लगेगा। हालांकि दक्षिणी क्षेत्रों में कहीं-कहीं लू चलने की संभावना बनी रहेगी। 17 मई को भी प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में उष्ण लहर का असर देखने को मिल सकता है। बुलेटिन के मुताबिक 18 और 19 मई को पश्चिमी तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में उष्ण लहर से अत्यधिक उष्ण लहर की स्थिति बन सकती है।

मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय अत्यधिक सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से धूप में बाहर न निकलने की सलाह दी है। 20 और 21 मई को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है।

इन दिनों दक्षिणी क्षेत्रों में कहीं-कहीं लू चलने की संभावना बनी रहेगी। मौसम विभाग ने लोगों से आंधी और वज्रपात के दौरान खुले स्थानों में न रुकने, पेड़ों के नीचे शरण न लेने तथा बिजली उपकरणों से दूरी बनाए रखने की अपील की है। साथ ही गर्मी और लू से बचाव के लिए पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचने की सलाह दी गई है।  

Related Articles

Latest News