आपत्तिजनक शब्द मामले में मासूम शर्मा को हरियाणा महिला आयोग ने भेजा समन, 18 अप्रैल को पेश होने का निर्देश


चंडीगढ़, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। बादशाह के ‘टटीरी’ गाने को लेकर विवाद अभी कुछ समय पहले ही खत्म हुआ है, इस बीच हरियाणा के एक और सिंगर मासूम शर्मा को लेकर नया बखेड़ा शुरू हो गया है।
मासूम शर्मा के खिलाफ देहरादून में आपत्तिजनक शब्द बोले जाने का आरोप लगा है। इस मामले में हरियाणा राज्य महिला आयोग ने संज्ञान लिया है और सिंगर को समन जारी किया है।

हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने इस मामले में मासूम शर्मा को नोटिस जारी किया है। नोटिस के अनुसार, उन्हें 18 तारीख को सुबह 11 बजे महिला आयोग के समक्ष पेश होने के निर्देश दिए गए हैं। महिला आयोग ने यह नोटिस ईमेल के माध्यम से भेजा है और मामले को गंभीरता से लेते हुए व्यक्तिगत रूप से जवाब तलब किया है।

नोटिस में कहा गया है कि आयोग हरियाणा राज्य महिला आयोग अधिनियम, 2012 के प्रावधानों, महिलाओं के अधिकारों के हनन और उनकी गरिमा को प्रभावित करने वाले मुद्दों से संबंधित मामलों में सूचना मांगने, व्यक्तियों को तलब करने और जांच करने के लिए सशक्त है। ऐसे में अगर कृत्य सिद्ध हो जाता है तो यह विषय बेहद गंभीर है।

आयोग की तरफ से कहा गया कि निर्धारित तिथि और समय पर आयोग के समक्ष उपस्थित न होने पर कार्रवाई भी की जा सकती है। आयोग से पहले देहरादून पुलिस भी मामले में नोटिस भेज चुकी है। यह नोटिस चार पार्षदों द्वारा थाने में तहरीर देने के बाद भेजा गया है।

वीडियो वायरल होने के बाद मासूम शर्मा सोशल मीडिया पर माफी मांगते भी दिखे। उन्होंने वीडियो पोस्ट कर कहा कि पिछले कुछ समय से एक संदिग्ध व्यक्ति उसे परेशान कर रहा है, उसी तनाव का असर मंच पर दिखाई दिया। यदि मेरे शब्दों से किसी को ठेस पहुंची है तो इसके लिए माफी मांगता हूं।”

इससे पहले साल 2024 में गायक पर एक महिला ने मारपीट का भी आरोप लगाया था। साल 2025 में सिंगर पर गन कल्चर को बढ़ावा देने का आरोप लगा था। उनके ‘ट्यूशन बदमाशी का’, ‘नंबरी’, ‘जप नाम भोले का’, ‘भगत आदमी’, ‘ठेकेदार का ब्याह’ जैसे गाने बहुत पॉपुलर हुए थे।

–आईएएनएस

पीएस/वीसी


Related Articles

Latest News