पंचकूला, 20 मार्च (आईएएनएस)। हरियाणा में राज्यसभा चुनाव के दौरान क्रॉस वोटिंग पर शोकॉज नोटिस के बाद कांग्रेस विधायक शैली चौधरी ने अपना पक्ष रखा है। उन्होंने आरोप लगाए कि कई सालों से उन्हें कांग्रेस में टारगेट किया जा रहा था। अभी अन्य लोगों को बचाने के लिए उनका नाम लिया गया है।
बता दें कि कांग्रेस ने क्रॉस वोटिंग को लेकर नारायणगढ़ से विधायक शैली चौधरी, पुन्हाना से मोहम्मद इलियास, हथीन से मोहम्मद इसराइल, सढ़ौरा से रेणु बाला और रतिया से कांग्रेस विधायक जरनैल सिंह को नोटिस जारी किया है।
नोटिस के बाद विधायक शैली चौधरी ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि मेरे खिलाफ क्रॉस वोटिंग करने के आरोप निराधार हैं। कुछ अन्य लोगों को बचाने के लिए हमें टारगेट किया जा रहा है। राज्यसभा चुनाव के दौरान 9 वोट खराब हुए थे। अन्य लोगों का नाम नहीं लिया जा रहा है, बल्कि हमारा ही नाम आया है। उन्होंने कहा, “हमने कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में वोट किया। कुछ लोगों को बचाया जा रहा है। 9 वोट खराब हुए, उन सभी के नाम क्यों नहीं लिए गए हैं? सिर्फ कुछ ही विधायकों के नाम क्यों लिए गए हैं? पार्टी के लोग ही अन्य विधायकों को बचाने में लगे हुए हैं।”
शैली चौधरी ने नोटिस पर कहा, “हमसे एक हफ्ते में जवाब मांगा गया है। हम अपना जवाब देंगे। कांग्रेस हाईकमान से यही कहेंगे कि हमने वोट दिया है। जिन्होंने असल में क्रॉस वोटिंग की है, उन पर कार्रवाई होनी चाहिए। मैं कांग्रेस में हूं और हाईकमान का जो फैसला होगा, वह स्वीकार है।”
गीता भुक्कल की ओर से लगाए गए आरोपों पर भी शैली चौधरी ने जवाब दिया। उन्होंने कहा, “गीता भुक्कल कैसे कह सकती हैं कि मैंने वोट खराब किया है? क्या वह अंदर थीं और क्या उन्होंने मेरे वोट को देखा है? उनको सिर्फ मीडिया में आने और गलत आरोप लगाने की आदत है।”
उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि कोई यह साबित करके दिखाता है कि हम लोग मुख्यमंत्री हाउस गए थे या हमारा कोई संपर्क मुख्यमंत्री के साथ हुआ। अगर कोई यह साबित कर देगा तो वह राजनीति छोड़ देंगी। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें और उनके पूरे परिवार को दुख है। इस बात का भी दुख होता है कि सिर्फ हमारे साथ ऐसा क्यों किया जा रहा है।
शैली चौधरी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, “हमें सिर्फ आज से नहीं, बल्कि कई सालों से टारगेट किया जा रहा है। पार्टी के अंदर कई सालों से यह चल रहा है। पहले मेरे पति को फंसाया गया और उन्हें राजनीति से दूर किया गया। अब मेरे को राजनीति से बाहर करना चाहते हैं। ये लोग हमें पसंद नहीं करते हैं, इसलिए टारगेट किया जा रहा है।”
कांग्रेस विधायक ने यह भी कहा कि वोटिंग के दौरान भाजपा ने उनका विरोध किया था। शैली चौधरी ने कहा, “जब मैं वोट डालने गई तो वहां भाजपा वालों ने भी मेरे वोट का विरोध किया था। वहां पार्टी के लोगों ने बचाव किया था। मुझे 10-15 मिनट रोककर रखा गया और तीन बार सीसीटीवी चेक किए गए। उसके बाद ही मुझे वोटिंग करने दी गई थी। अगर मैं भाजपा को वोट डाल रही थी तो वही लोग क्यों फिर मेरा विरोध कर रहे थे?”
उन्होंने कहा कि मेरे क्षेत्र की जनता मुझे अच्छी तरह से जानती है। जनता मेरे साथ खड़ी है और उनका आशीर्वाद मेरे ऊपर है।
उन्होंने कांग्रेस के अंदर खेमेबाजी को भी स्वीकार किया। शैली चौधरी ने कहा, “पूरा हरियाणा जानता है कि खेमेबाजी के कारण ही राज्य में कांग्रेस की सरकार नहीं बन पाई। खेमेबाजी नहीं होती तो 2024 में हरियाणा में कांग्रेस की सरकार होती।”
–आईएएनएस
डीसीएच/
