हरदोई: पुलिस को मिली बड़ी सफलता, ऑटो लिफ्टर गैंग का पर्दाफाश, तीन शातिर बदमाश अरेस्ट, 25 वाहन बरामद

उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले की कासिमपुर थाना पुलिस ने अंतरजनपदीय ऑटो लिफ्टर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 25 चोरी के दोपहिया वाहन, एक अवैध तमंचा, कारतूस तथा वाहनों की मास्टर चाबी बरामद की है।पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि वाहन चोरी की घटनाओं की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मुखबिर से सूचना मिली थी कि बनियाखेड़ा गांव के निकट नहर की कच्ची पटरी के पास बबूल के जंगल में कुछ लोग बड़ी संख्या में चोरी के वाहन छिपाकर रखे हुए हैं।

22 मोटरसाइकिलें, तीन स्कूटी व एक तमंचा बरामद

सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर छापा मारकर शकील, वीरू और अरबी हसन को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने उनके कब्जे से 22 मोटरसाइकिलें, तीन स्कूटी, एक 315 बोर का तमंचा तथा एक जिंदा कारतूस बरामद किया। प्रारंभिक जांच में अधिकांश वाहन लखनऊ से चोरी किए गए पाए गए हैं। 

लूट से किराये पर कमरा लेकर करते थे रेकी

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे लखनऊ, उन्नाव और हरदोई समेत विभिन्न जनपदों में किराये पर कमरा लेकर पहले रेकी करते थे और अवसर मिलने पर दोपहिया वाहन चोरी कर लेते थे। चोरी के बाद वाहनों की पहचान छिपाने के लिए उनकी नंबर प्लेट बदल दी जाती थी अथवा फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उनका उपयोग किया जाता था। बाद में इन वाहनों को कम कीमत पर बेच दिया जाता था। 

Related Articles

Latest News