ग्वालियर व्यापार मेले को मिलेगा अंतर्राष्ट्रीय स्वरूप : मुख्यमंत्री मोहन यादव


ग्वालियर, 4 जनवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की ऐतिहासिक नगरी ग्वालियर में लगभग सौ सालों से चले आ रहे माधवराव सिंधिया व्यापार मेला की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि ग्वालियर व्यापार मेले को अंतर्राष्ट्रीय स्वरूप प्रदान किया जाएगा। इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी व्यापार मेलों को प्रोत्साहित करने में रुचि ली है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि व्यवस्थाओं का विकेंद्रीकरण होना चाहिए। इस संकल्प के साथ विकास के प्रयास किए जाएंगे। प्रधानमंत्री मोदी की मंशा के अनुरूप निर्धन वर्ग, युवाओं और महिलाओं की उन्नति के लिए हर संभव प्रयास होंगे। माधवराव सिंधिया व्यापार मेला प्रतिवर्ष ग्वालियर में लगता है। इस मेले का अपना महत्व है।

उन्होंने कहा कि मेला हमारी सभ्यता और संस्कृति का प्रतीक है। मेले हमें प्राचीन समय से भी जोड़ने का काम करते हैं। इस मेले को और ऐतिहासिक बनाया जायेगा। ग्वालियर मेले के विकास में पूर्व केंद्रीय मंत्री माधवराव सिंधिया का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। एक नई दिशा प्रदान की और क्षेत्रवासियों के लिए ग्वालियर व्यापार मेला एक प्रतीक बना। मेले में विक्रय कर पर 50 प्रतिशत की छूट रहेगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि लगभग 100 वर्ष से अधिक प्राचीन ग्वालियर मेले का इतिहास है। पिछले वर्ष कोरोना काल के बाद ग्वालियर व्यापार मेले ने जो उछाल ली और अब लगभग 1,000 करोड़ के व्यापार तक इसको पहुंचाना है। यह इस क्षेत्र की शान है। ग्वालियर अंचल के लोगों का इससे विशेष जुड़ाव है।

–आईएएनएस

एसएनपी/एबीएम


Related Articles

Latest News