मुंबई, 6 अगस्त (आईएएनएस)। ‘नामकरण’, ‘भाग्यलक्ष्मी’ और ‘दीया और बाती हम’ जैसे लोकप्रिय टीवी सीरियल में काम कर घर-घर में पहचान बनाने वाली मशहूर अभिनेत्री और लेखिका गुलफाम खान आज किसी पहचान की मोहताज नहीं है। उन्होंने हाल ही में आईएएनएस के साथ बातचीत में बताया कि वे एक बायोपिक पर काम कर रही हैं। हालांकि, अभनेत्री ने उसका नाम नहीं बताया।
अभिनेत्री ने कहा, “अभी मैं जो बायोपिक लिख रही हूं, उनके ऊपर कहानी पहले भी लिखी जा चुकी है, लेकिन इसे मैं अपने नजरिए से लिखना चाहती हूं। एक बार यह तैयार हो जाए, तो मैं तय करूंगी कि आगे क्या करना है।
गुलफाम खान ने बताया कि उनके लिए असली अवॉर्ड वही है, जब लोग खुद आकर उनके काम और व्यक्तित्व की तारीफ करते हैं।
आईएएनएस ने अभिनेत्री गुलफाम खान से पूछा, “आप पिछले दो दशकों से ज्यादा एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री का हिस्सा हैं। पिछले कुछ साल में आपने एक्टिंग के मामले में या ऑडियंस के टेस्ट में सबसे बड़ा बदलाव क्या देखा है?”
अभिनेत्री ने इस सवाल पर कहा, “हमें पहले लगता था कि दर्शक सिर्फ एक खास तरह का बालिका वधू, अगले जनम मोहे बिटिया ही कीजो और प्रतिज्ञा जैसे शो, जो ग्रामीण भारत पर आधारित कंटेंट को ही पसंद करती है। हालांकि, उसके बाद कुमकुम भाग्य और कुंडली भाग्य जैसे शहरी शो पॉपुलर हुए। फिर, मैंने महसूस किया कि वह दर्शकों को सब कुछ पसंद हैं, वे सिर्फ एक जॉनर पर ही टिके नहीं हैं। हर शो की अपनी ऑडियंस होती है, कुछ लोगों को शहरी कहानियां पसंद आती हैं, कुछ ग्रामीण कहानियों से जुड़ते हैं और कुछ दिल्ली, पंजाब या मुंबई के मिडिल-क्लास परिवारों से जुड़ते हैं। फिर अलादीन, माइथोलॉजी या रामायण जैसी यूनिवर्सल कहानियां हैं। ऐसी कहानियों को हर उम्र और बैकग्राउंड के लोग पसंद करते हैं।”
अभिनेत्री गुलफाम खान से आईएएनएस ने एक और सवाल किया, “आजकल, एक एक्टर की सोशल मीडिया प्रजेंस को अक्सर टैलेंट जितना ही जरूरी माना जाता है, इस पर आपका क्या ख्याल है?” इस पर अभिनेत्री ने कहा, “आज हम अपने फोन पर इतना ज्यादा समय बिताते हैं, जिसमें सोशल मीडिया अहम रोल अदा करता है। अगर आप मेरा पेज देखें, तो मैं बहुत ज्यादा एक्टिव नहीं हूं। मैं असल जिंदगी में सोशली ज्यादा एक्टिव हूं। अगर आप सोशल मीडिया पर कोई मीनिंगफुल कंटेंट नहीं बना रहे हैं, तो लोग अक्सर बोर भी हो जाते हैं। लोगों को यह देखने में कोई दिलचस्पी नहीं है कि आप हर दिन क्या कर रहे हैं। उन्हें इस बात में दिलचस्पी है कि आप उनकी जिंदगी में कुछ वैल्यू ऐड कर रहे हैं या नहीं।”
–आईएएनएस
एनएस/वीसी
