जयपुर, 8 मई (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के 52वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) की भिड़ंत शनिवार को गुजरात टाइटंस (जीटी) से होगी। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला सवाई मानसिंह क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। जीटी इस सीजन में आरआर से मिली हार का हिसाब चुकता करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2026 में अब तक कुल 10 मुकाबलों में से 6 में जीत दर्ज की है, जबकि 4 मुकाबलों में आरआर को हार का सामना करना पड़ा है। राजस्थान रॉयल्स के लिहाज से अच्छी खबर यह है कि कप्तान रियान पराग फॉर्म में लौट चुके हैं। रियान ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेले गए आखिरी मुकाबले में 50 गेंदों में 90 रनों की दमदार पारी खेली थी।
आरआर एक बार फिर वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल से भी बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद करेगी। ध्रुव जुरेल ने नंबर तीन की पोजीशन पर लगातार बढ़िया प्रदर्शन किया है। वहीं, रवींद्र जडेजा बल्ले और गेंद दोनों से अहम योगदान दे रहे हैं। जोफ्रा आर्चर और नांद्रे बर्गर की जोड़ी ने नई गेंद के साथ शानदार प्रदर्शन किया है। युवा गेंदबाज बृजेश शर्मा भी उम्मीदों पर खरे उतरे हैं। हालांकि, रवि बिश्नोई इस सीजन रनों पर लगाम लगाने में पूरी तरह से नाकाम रहे हैं और उनका इकोनॉमी 9.88 का रहा है।
दूसरी ओर, गुजरात टाइटंस ने अपने पिछले तीनों मुकाबलों में शानदार जीत दर्ज की है। साई सुदर्शन के बल्ले से लगातार रन निकल रहे हैं, और वह 10 मुकाबलों में 385 रन बना चुके हैं। वहीं, कप्तान शुभमन गिल ने 9 मुकाबलों में 378 रन बनाए हैं। जोस बटलर और वॉशिंगटन सुंदर भी बल्ले से अहम योगदान दे रहे हैं। गेंदबाजी में जेसन होल्डर ने पंजाब किंग्स के खिलाफ आखिरी मुकाबले में सिर्फ 24 रन देकर 4 विकेट निकाले थे। वहीं, सिराज और कगिसो रबाडा भी बेहतरीन लय में दिखाई दिए हैं। हालांकि, राशिद खान की फॉर्म जरूर टीम के लिए चिंता का विषय बनी हुई है।
आईपीएल 2026 में आरआर और जीटी की एक बार भिड़ंत हो चुकी है, जहां राजस्थान रॉयल्स ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 6 रनों से बाजी मारी थी। ओवरऑल रिकॉर्ड की बात करें, तो दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 10 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें से जीटी ने 6 मैच जीते हैं, जबकि 4 मुकाबलों में राजस्थान रॉयल्स ने जीत दर्ज की है।
सवाई मानसिंह क्रिकेट स्टेडियम को बल्लेबाजों के लिए मददगार माना जाता है। इस सीजन भी राजस्थान रॉयल्स के घरेलू मैदान पर हाई-स्कोरिंग मुकाबले देखने को मिले हैं। इस मुकाबले में भी खूब चौके-छक्के लग सकते हैं। एक्यूवेदर की रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार को जयपुर में मौसम पूरी तरह से साफ रहने की उम्मीद है। अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
–आईएएनएस
एसएम/एबीएम
