पश्चिम एशिया तनाव के कम होने के संकेतों के बीच सोने-चांदी में तेजी की उम्मीद, जबकि कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट


नई दिल्ली, 31 मार्च (आईएएनएस)। पश्चिम एशिया में तनाव कम होने की उम्मीदों के बीच मंगलवार के शाम के सत्र में सोना और चांदी की कीमतों में तेजी देखने को मिल सकती है।

वैश्विक संकेतों के आधार पर सोने की कीमतों में उछाल आया है। स्पॉट गोल्ड करीब 2.39 प्रतिशत बढ़कर 4,619.14 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गया, जबकि जून डिलीवरी के लिए अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स 2 प्रतिशत बढ़कर 4,649.26 डॉलर पर ट्रेड कर रहे थे।

इसी तरह चांदी की कीमतों में भी तेज बढ़त दर्ज की गई। स्पॉट सिल्वर 4.82 प्रतिशत बढ़कर 73.48 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जबकि कॉमेक्स सिल्वर 4.44 प्रतिशत बढ़कर 73.705 डॉलर पर ट्रेड कर रहा था।

घरेलू बाजार की बात करें तो मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज ऑफ इंडिया (एमसीएक्स) पर सोमवार को सोने का जून वायदा 0.15 प्रतिशत गिरकर 1,47,450 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था, जबकि चांदी का मई वायदा मामूली बढ़त के साथ 2,29,033 रुपए प्रति किलो पर बंद हुआ।

हालांकि, सोना इस महीने 17 साल की सबसे बड़ी गिरावट की ओर बढ़ रहा है। ऊर्जा कीमतों में तेजी के कारण अमेरिकी ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद कमजोर हुई है, जिससे सोने पर दबाव बना हुआ है।

बाजार का माहौल उस समय बेहतर हुआ जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बारे में खबर आई कि वे ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई खत्म करने के संकेत दे रहे हैं। इससे वैश्विक बाजारों में जोखिम लेने की भावना बढ़ सकती है।

रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि भले ही होर्मुज जलडमरूमध्य पूरी तरह से नहीं खुला हो, फिर भी अमेरिका फिलहाल सैन्य कार्रवाई रोक सकता है और इस महत्वपूर्ण तेल मार्ग को बाद में खोलने की कोशिश की जा सकती है।

हालिया तेजी के बावजूद, इस महीने अब तक सोने की कीमतों में 13 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट आ चुकी है, जो अक्टूबर 2008 के बाद सबसे बड़ी मासिक गिरावट हो सकती है। वहीं, तिमाही आधार पर कीमतें अब भी करीब 5 प्रतिशत ऊपर हैं।

इन घटनाक्रमों के बाद कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट देखी गई। ब्रेंट क्रूड करीब 2.37 प्रतिशत गिरकर 104.84 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया, जबकि अमेरिकी डब्ल्यूटीआई क्रूड भी 2 प्रतिशत गिरकर 100.83 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड करता दिखा।

महावीर जयंती के कारण भारतीय शेयर बाजार बंद हैं, लेकिन वैश्विक स्तर पर तनाव कम होने से निवेशकों के मनोबल को कुछ राहत मिल सकती है।

वहीं, एमसीएक्स का शाम का सत्र 5 बजे से 11:30 बजे तक खुलेगा। साथ ही गिफ्ट निफ्टी करीब 1 प्रतिशत की बढ़त के साथ ट्रेड करता दिखा, जो बाजार के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।

–आईएएनएस

डीबीपी


Related Articles

Latest News