Sunday, February 22, 2026

आडवाणी को भारत रत्न देना बिखर रहे वोटों को सहेजने की कोशिश : अखिलेश यादव


बलरामपुर, 3 फरवरी (आईएएनएस)। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न दिए जाने पर कहा कि इनकी पार्टी के लिए यह वोट बैंक साधने का तरीका है। बिखर रहे वोटों को सहेजने के लिए सम्मान दिया गया है।

अखिलेश यादव शनिवार को सपा से गैसड़ी विधायक रहे डॉ. शिव प्रताप यादव को श्रद्धांजलि देने उनके पैतृक आवास पहलवारा पंहुचे। अखिलेश यादव ने सपा नेता के निधन को अपूर्णनीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि एसपी यादव जमीन से जुड़े और जिम्मेदार नेता थे।

इंडिया गठबंधन के सवाल पर कहा कि जल्द टिकट बंटवारा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल झूठ बोलती है।

कांग्रेस के जानकारी न देने के सवाल पर कहा कि जिस स्तर पर बात करनी चाहिए चल रही है। जिन लोगों को जानकारी देनी चाहिए उनको दी जा रही है। हम लोगों का प्रयास है कि गठबंधन मजबूत हो। श्रावस्ती से गठबंधन जीता है। भाजपा की रणनीति के हिसाब से पार्टी अपनी रणनीति बनाएगी।

उन्होंने कहा कि मैं फिर दोहराता हूं कि भाजपा के सांसद संकट में हैं कि कहीं उनका टिकट तो नहीं कट रहा है। कुछ तो सीट बदलने में लगे हैं। दावा किया कि भाजपा सांसदों का टिकट काटने जा रही है। भाजपा को अपनी चिंता करनी चाहिए। पुण्य कार्य में भी जमीन घोटाला हुए हैं, वह भी गोंडा, बलरामपुर व अयोध्या जैसी जगहों पर तो सोचिये किस पार्टी के शासन में कौन जमीन घोटाला कर रहा है।

–आईएएनएस

विकेटी/एबीएम


Related Articles

Latest News