मुंबई, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। गायिका आशा भोसले के निधन पर मंत्री गिरीश महाजन ने कहा कि आशा भोसले का जाना अत्यंत दुखद क्षण है, इसलिए आज कैबिनेट में मुख्यमंत्री की ओर से एक शोक प्रस्ताव पेश किया गया, और हमने सरकार की ओर से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। आशा ताई बहुत बड़ा नाम थीं। लता दीदी के बाद वह न केवल हमारे देश में, बल्कि पूरे विश्व में महानतम हस्तियों में से एक थीं। उन्होंने कहा कि इस महीने में आशा दीदी के नाम से एक संगीत अकादमी बनाई जाएगी।
महिला आरक्षण पर कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के लेख के संबंध में मंत्री गिरीश महाजन ने कहा कि मुझे लगता है कि सोनिया गांधी खुद एक महिला हैं। इंदिरा गांधी के समय से ही आप देख सकते हैं कि इस देश में कांग्रेस का शासन कितने वर्षों तक रहा है। सोनिया गांधी कांग्रेस पार्टी की सर्वोच्च नेता भी हैं।
उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि उन्हें इस मुद्दे पर खुद पहल करनी चाहिए थी। आज जिस तरह से कांग्रेस इन मामलों पर बात करती है, वह अनावश्यक लगता है। हमारे प्रधानमंत्री और हमारी पार्टी का दृढ़ विश्वास है कि महिलाओं को उनके अधिकारों से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। महिलाओं के लिए आरक्षण बहुत महत्वपूर्ण है।
ममता बनर्जी को लेकर उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी क्या कर रही हैं, यह पूरे देश को पता है। बंगाल में ममता बनर्जी की कैसी दादागिरी चल रही है। आजकल वोटों की राजनीति चल रही है। कुछ लोग देश, धर्म छोड़कर कुर्सी संभालने में लगे हैं।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आशा ताई को भावभीनी श्रद्धांजिल अर्पित की थी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि पद्म विभूषण और महाराष्ट्र भूषण से सम्मानित वयोवृद्ध गायिका आशा ताई के निधन की खबर बेहद हृदयविदारक है। उन्होंने अभी तीन साल पहले ही अपना 90वां जन्मदिन बड़े धूमधाम से मनाया था। उनके निधन के साथ ही लता दीदी के बाद मंगेशकर परिवार का एक और सितारा टूट गया है। सुरों का वह खूबसूरत चमन आज वीरान हो गया है।
–आईएएनएस
एसडी/डीकेपी
