गिफ्ट निफ्टी ने मार्च में दर्ज किया अपना अब तक का सबसे अधिक 129.80 अरब डॉलर का टर्नओवर


नई दिल्ली, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। गिफ्ट निफ्टी ने मार्च में अपना अब तक का सबसे अधिक 129.80 अरब डॉलर का टर्नओवर दर्ज किया है, इससे पहले सबसे अधिक टर्नओवर अक्टूबर 2025 में 106.22 अरब डॉलर का दर्ज किया गया था। यह जानकारी एनएसई इंटरनेशनल एक्सचेंज (आईएक्स) की ओर से गुरुवार को दी गई।

एक्सचेंज ने बताया कि मार्च में मासिक ट्रेडिंग वॉल्यूम 28 लाख कॉन्ट्रैक्ट्स के ऑल-टाइम हाई पर पहुंच गया, जिसने अप्रैल 2025 में बने 21 लाख कॉन्ट्रैक्ट्स के पिछले उच्चतम स्तर को पीछे छोड़ दिया।

गिफ्ट निफ्टी की मार्च की यह उपलब्धि भारत से जुड़े डेरिवेटिव्स कॉन्ट्रैक्ट के लिए लगातार बन रहे रिकॉर्डों में नई कड़ी है।

इससे पहले फरवरी में, गिफ्ट निफ्टी ने 4,57,989 कॉन्ट्रैक्ट्स के साथ अपना अब तक का सबसे अधिक एक दिवसीय ट्रेडिंग वॉल्यूम दर्ज किया था, जिसका एक दिवसीय कारोबार 23.48 अरब डॉलर था – जो 23 जनवरी, 2024 को बने पिछले एक दिवसीय रिकॉर्ड 22.88 अरब डॉलर से अधिक था।

3 जुलाई, 2023 को पूर्ण पैमाने पर परिचालन शुरू होने के बाद से, मार्च 2026 तक गिफ्टी निफ्टी पर डेरिवेटिव्स का संचयी व्यापार वॉल्यूम 63.37 मिलियन कॉन्ट्रैक्ट्स से अधिक रहा है, जिसका कुल कारोबार 2.92 ट्रिलियन डॉलर था।

तुलनात्मक रूप से, फरवरी 2026 तक संचयी वॉल्यूम 60.05 मिलियन कॉन्ट्रैक्ट्स का था, जिसका कारोबार 2.76 ट्रिलियन डॉलर था, जो वित्तीय वर्ष के अंतिम महीने में तीव्र वृद्धि को दर्शाता है।

एनएसईआईएक्स, जिसकी गिफ्ट सिटी स्थित अंतरराष्ट्रीय एक्सचेंजों में 99.7 प्रतिशत से अधिक बाजार हिस्सेदारी है, की स्थापना 5 जून, 2017 को हुई थी और इसे अंतर्राष्ट्रीय वित्तीय सेवा केंद्र प्राधिकरण (आईएफएससीए) द्वारा मान्यता प्राप्त है।

यह एक्सचेंज विविध उत्पाद पोर्टफोलियो प्रदान करता है जिसमें भारतीय सिंगल स्टॉक डेरिवेटिव्स, इंडेक्स डेरिवेटिव्स, करेंसी डेरिवेटिव्स और डिपॉजिटरी रिसीट्स शामिल हैं, साथ ही इक्विटी शेयर, आरईआईटी, इनविट्स और ईएसजी डेट सिक्योरिटीज जैसे प्राथमिक बाजार उत्पाद भी आईएफएससीए लिस्टिंग विनियम, 2024 के तहत उपलब्ध हैं।

–आईएएनएस

एबीएस/


Related Articles

Latest News