गाजियाबाद के मैनापुर औद्योगिक क्षेत्र में भीषण आग, 20 दमकल गाड़ियों ने पाया आग पर काबू


गाजियाबाद, 6 मार्च (आईएएनएस)। गाजियाबाद में मेरठ रोड स्थित मैनापुर औद्योगिक क्षेत्र में गुरुवार रात एक पेंट फैक्ट्री और स्क्रैप गोदाम में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेज थी कि दूर-दूर तक काला धुआं दिखाई दे रहा था। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई टीमें मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

दमकल विभाग के अनुसार शुक्रवार रात गाजियाबाद के फायर स्टेशन कोतवाली को सूचना मिली कि मेरठ रोड स्थित मैनापुर औद्योगिक क्षेत्र में अरविंद केमिकल्स पेंट फैक्ट्री और सरल स्क्रैप में आग लग गई है। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन वैशाली से मुख्य अग्निशमन अधिकारी और फायर स्टेशन कोतवाली से अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में चार फायर टेंडर तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किए गए।

मौके पर पहुंचने पर दमकल कर्मियों ने देखा कि फैक्ट्री से घना काला धुआं निकल रहा था और आग तेजी से फैल रही थी। दमकल टीम ने तुरंत होज लाइन बिछाकर आग बुझाने का काम शुरू कर दिया। आग की भीषण गर्मी के कारण फैक्ट्री का टिन शेड वाला ढांचा धीरे-धीरे गिरने लगा, जिससे आग तक सीधे पानी पहुंचाने में काफी दिक्कत आ रही थी। तेज तापमान के चलते फैक्ट्री की एक दीवार भी गिर गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जेसीबी मशीन की मदद ली गई।

जेसीबी से फैक्ट्री की दीवारों को दोनों तरफ से तोड़कर टिन शेड को हटाया गया ताकि आग तक सीधा पहुंचा जा सके और प्रभावी तरीके से फायर फाइटिंग की जा सके। मुख्य अग्निशमन अधिकारी के निर्देश पर आग पर काबू पाने के लिए आसपास के कई फायर स्टेशनों से भी दमकल गाड़ियां बुला ली गईं। वैशाली, साहिबाबाद, मोदीनगर और लोनी फायर स्टेशन से अतिरिक्त दमकल वाहन और अधिकारी मौके पर पहुंचे।

इसके अलावा हापुड़, मेरठ और गौतमबुद्धनगर से भी दमकल की गाड़ियां और आर्टिकुलेटिंग वॉटर टॉवर मंगाए गए। इस अग्निकांड में कुल 20 दमकल गाड़ियों ने मिलकर आग बुझाने का काम किया। दमकल कर्मियों ने चारों तरफ से आग को घेरकर कड़ी मशक्कत के बाद उसे काबू में कर लिया। उनकी त्वरित कार्रवाई से आसपास स्थित लगभग 5 से 6 फैक्ट्रियों को भी सुरक्षित बचा लिया गया।

फिलहाल दमकल विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं और पूरी तरह आग बुझाने व कूलिंग का काम जारी है। प्रारंभिक जांच में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है।

–आईएएनएस

पीकेटी/पीयूष


Related Articles

Latest News