14 मिलियन प्रकाश वर्ष दूर गैलेक्सी को चमकदार तारे ने ओवरशैडो किया, हबल टेलीस्कोप ने अनोखा नजारा कैद किया

नई दिल्ली, 1 जून (केसरिया न्यूज़)। स्पेस की दुनिया अनगिनत रहस्यों से भरी पड़ी है, जिसे जानने के लिए आम लोग उत्साहित रहते हैं। ऐसा ही एक सवाल है कि क्या होता है जब 14 मिलियन प्रकाश वर्ष दूर स्थित एक गैलेक्सी और पृथ्वी के बीच कोई चमकदार तारा आ जाता है? यूरोपीय स्पेस एजेंसी (ईएसए) के हबल टेलीस्कोप ने इसका जवाब अपनी एक शानदार तस्वीर में कैद कर लिया है।

ईएस ने ऑफिशियल इंस्टाग्राम पर तस्वीरों को पोस्ट किया, तस्वीर में पास का एक तारा इतना चमकदार दिख रहा है कि दूर स्थित पीजीसी 39058 नाम की गैलेक्सी लगभग छिप सी गई है। ईएस ने बताया, खगोलविदों के लिए गैलेक्सी का अध्ययन करना आमतौर पर चुनौती भरा होता है, लेकिन पीजीसी 39058 के मामले में मुश्किल और बढ़ गई। क्योंकि पृथ्वी और इस गैलेक्सी के बीच एक चमकीला तारा ठीक बीच में आ गया।

हबल की तस्वीर में यह तारा इतनी तेज चमक के साथ दिख रहा है कि दूर की गैलेक्सी को देखना थोड़ा मुश्किल हो जाता है।

इसके बाद भी हबल के पावरफुल ऑप्टिक्स ने दोनों को साफ-साफ कैद कर लिया। पीजीसी 39058 एक ड्वार्फ गैलेक्सी (बौनी गैलेक्सी) है, जो पृथ्वी से लगभग 14 मिलियन प्रकाश वर्ष दूर ड्रेको (ड्रैगन) तारामंडल में स्थित है। इसमें लाखों तारे हैं, जिनमें से कई सामने वाले चमकीले तारे जैसे ही हो सकते हैं। लेकिन इसकी छोटी आकार और दूरी के कारण यह धुंधली दिखती है।

हबल की तस्वीर में गैलेक्सी को उसके अलग-अलग तारों में पूरी तरह बिखरा हुआ देखा जा सकता है। साथ ही बैकग्राउंड में और भी कई दूर की गैलेक्सी दिख रही हैं। यह चमकदार तारा पृथ्वी से काफी करीब है, इसलिए यह बहुत तेज चमकता है। हालांकि, आम लोग इसे नंगी आंखों से नहीं देख सकते। इसे देखने के लिए छोटे टेलीस्कोप या दूरबीन की जरूरत पड़ती है।

हबल ने इस तस्वीर को एडवांस्ड कैमरा फॉर सर्वेज के जरिए ली है। इसमें पीले और निकट इंफ्रारेड फिल्टर का इस्तेमाल किया गया। ड्रेको तारामंडल उत्तरी गोलार्ध में आसमान के बड़े हिस्से पर फैला हुआ है। प्राचीन यूनानी पौराणिक कथाओं में इसे 100 सिर वाले ड्रैगन से जोड़ा जाता है, जिसकी रखवाली सुनहरे सेबों पर की जाती थी।

–केसरिया न्यूज़

Related Articles

Latest News