पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा बोले, अगले सीजन इन चार टीमों के बदल सकते हैं कप्तान

[ad_1]

202605253800887

नई दिल्ली, 25 मई (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के लीग स्टेज का अंत हो चुका है। इस सीजन कई बड़ी टीमों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा, जिसमें चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) और कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) जैसी बड़ी टीमें भी शामिल रहीं। इस बीच, भारत के पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने उन 4 टीमों के नाम बताए हैं, जो अगले सीजन अपने कप्तान को बदल सकती हैं।

आकाश ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ पर शेयर किए गए वीडियो में कहा कि अगले सीजन मुंबई इंडियंस (एमआई) अपने कप्तान को बदल सकती है। पूर्व भारतीय क्रिकेटर के अनुसार, हार्दिक पांड्या की अगुवाई में एमआई पिछले तीन सीजन में से 2 बार प्लेऑफ में पहुंचने में नाकाम रही है। उन्होंने कहा कि हार्दिक भले ही टीम में बने रहें, लेकिन अगले सीजन एमआई नए कप्तान के साथ उतर सकती है।

आकाश ने कहा कि मुंबई इंडियंस की तरह ही लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) भी ऋषभ पंत से कप्तानी लेकर किसी दूसरे खिलाड़ी को सौंप सकती है। उन्होंने कहा कि पंत की अगुवाई में टीम लगातार दूसरे सीजन प्लेऑफ का टिकट कटाने में नाकाम रही है। आकाश के अनुसार, कप्तानी का दबाव पंत की बल्लेबाजी पर भी साफतौर पर नजर आया है। पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने कहा कि तीन बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) अगले सीजन अजिंक्य रहाणे की जगह पर नए खिलाड़ी को कप्तानी की जिम्मेदारी दे सकती है। रहाणे की कप्तानी में केकेआर इस सीजन 14 मुकाबलों में से सिर्फ 6 में ही जीत दर्ज कर सकी और प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रही।

आकाश चोपड़ा के अनुसार, आईपीएल 2026 में संघर्ष करती नजर आई चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) भी अगले सीजन में ऋतुराज गायकवाड़ की जगह पर संजू सैमसन को कप्तानी सौंपने पर विचार कर सकती है। सीएसके इस सीजन भी प्लेऑफ का टिकट हासिल करने में नाकाम रही। टीम 14 मुकाबलों में से सिर्फ 6 में ही जीत दर्ज कर सकी। पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने कहा कि संजू सैमसन के पास कप्तानी का अनुभव मौजूद है और वह बेहतर कप्तान साबित हो सकते हैं।

–आईएएनएस

एसएम/पीएम

[ad_2]

Related Articles

Latest News