जोधपुर एयरपोर्ट के नए अत्याधुनिक टर्मिनल से उड़ानों का संचालन शुरू, इंडिगो की बेंगलुरु फ्लाइट का हुआ पहला संचालन


जोधपुर, 12 जुलाई (आईएएनएस)। जोधपुर एयरपोर्ट के नए अत्याधुनिक टर्मिनल भवन से रविवार से नियमित उड़ानों का संचालन शुरू हो गया। नए टर्मिनल के संचालन की शुरुआत इंडिगो की बेंगलुरु-जोधपुर-बेंगलुरु उड़ान (6ई-6032/6033) से हुई। पहली फ्लाइट सुबह 8:18 बजे जोधपुर पहुंची और सुबह 9:20 बजे बेंगलुरु के लिए रवाना हुई।

जोधपुर एयरपोर्ट के नए अत्याधुनिक टर्मिनल भवन के शुरू होने पर केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने यात्रियों का पुष्प भेंट कर स्वागत किया। एयरपोर्ट परिसर में कालबेलिया नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें राजस्थान की समृद्ध लोक संस्कृति की आकर्षक झलक देखने को मिली।

सीआईएसएफ ने नए टर्मिनल पर सुरक्षित और सुचारू उड़ान संचालन के साथ यात्रियों को सहज एवं परेशानी-मुक्त यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। वर्तमान में जोधपुर एयरपोर्ट दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद, बेंगलुरु, पुणे, नोएडा (एनसीआर) और हैदराबाद सहित सात प्रमुख शहरों से हवाई संपर्क रखता है। नए टर्मिनल के पूरी तरह शुरू होने के बाद चेन्नई, गोवा, इंदौर और कोलकाता जैसे शहरों के लिए भी उड़ान सेवाएं शुरू होने की संभावना है, जिससे पर्यटन, व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 4 जुलाई को इस नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया था। उद्घाटन के बाद तकनीकी और प्रशासनिक औपचारिकताओं के कारण इसे तत्काल यात्रियों के लिए शुरू नहीं किया जा सका था। अब सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद नियमित उड़ान संचालन प्रारंभ कर दिया गया है।

करीब 480 करोड़ रुपये की लागत से बने इस आधुनिक टर्मिनल का निर्माण लगभग 37 एकड़ क्षेत्र में किया गया है। 23 हजार वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्रफल वाला यह भवन पुराने टर्मिनल की तुलना में लगभग छह गुना बड़ा है और प्रतिवर्ष लगभग 20 लाख यात्रियों को संभालने की क्षमता रखता है। यात्रियों की सुविधा के लिए यहां 20 चेक-इन काउंटर, छह एरोब्रिज, आधुनिक सुरक्षा जांच प्रणाली, उन्नत बैगेज हैंडलिंग सिस्टम, विशाल प्रतीक्षालय, पर्याप्त पार्किंग और अन्य अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

नए टर्मिनल के संचालन से जोधपुर की हवाई कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। इससे देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, साथ ही पर्यटन, व्यापार, निवेश और औद्योगिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा। आधुनिक सुविधाओं से लैस यह टर्मिनल जोधपुर के बुनियादी ढांचे और विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

–आईएएनएस

एसएके/पीएम


Related Articles

Latest News