'फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल': मिलिंद सोमन महिला प्रतिभागियों के साथ शामिल हुए


नई दिल्ली, 19 अप्रैल (आईएएनएस)। मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया। महिला प्रतिभागियों के साथ अभिनेता और मॉडल मिलिंद सोमन भी शामिल हुए।

मिलिंद सोमन ने महिला प्रतिभागियों के साथ साइकिल चलाई और अन्य फिटनेस से जुड़ी गतिविधियों में शामिल हुए। इस दौरान अधिकांश महिला प्रतिभागी गुलाबी रंग के कपड़े पहने हुए थीं। महिलाओं के अलावा पुरुषों ने भी इस इवेंट में हिस्सा लिया।

साइकिल रैली को झंडा दिखा कर रवाना किया गया। इसमें बड़ी संख्या में हर उम्र वर्ग की महिलाएं शामिल हुईं। साइक्लिंग के अलावा महिलाओं ने डांस भी किया। मिलिंद सोमन ने महिलाओं के साथ रस्सी खींच कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया।

सभी कार्यक्रमों के बाद मिलिंद सोमन ने कई महिलाओं को पुरस्कृत भी किया।

‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ का आयोजन प्रत्येक रविवार को देश के अनेक हिस्सों में किया जाता है। केंद्र सरकार के युवा कल्याण और खेल मंत्रालय द्वारा आयोजित इस इवेंट का उद्देश्य देशवासियों, खासकर युवाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरुकता को बढ़ाना है। युवाओं में बढ़ रही मोटापे की समस्या को कम करने के लिए भी साइक्लिंग को बढ़ावा दिया जा रहा है। साइक्लिंग पर्यावरण के बेहतर बनाए रखने की दिशा में भी अहम है।

इस कार्यक्रम का आयोजन पूरी योजना के साथ किया जाता है। इवेंट के दौरान खेल और फिटनेस के क्षेत्र से जुड़े बड़े नामों के अलावा अन्य क्षेत्रों के सेलेब्रिटी को भी आमंत्रित किया जाता है। बड़े खिलाड़ियों और अभिनेताओं की देश में बड़ी फैन फॉलोइंग होती है, और युवा उनकी फिटनेस देख अपनी फिटनेस को बेहतर करने की दिशा में प्रेरित हो सकते हैं। इसी वजह से हर किसी न किसी मशहूर शख्सियत को ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ कार्यक्रम के दौरान आमंत्रित किया जाता है।

मिलिंद सोमन 60 साल के हो चुके हैं, लेकिन उनकी फिटनेस और ऊर्जा किसी 30 साल के युवा की तरह है। फिटनेस के क्षेत्र में देश के लाखों युवाओं के प्रेरणास्त्रोत हैं। इसी वजह से उन्हें इस कार्यक्रम में बुलाया गया था।

फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल अभियान की शुरुआत केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय द्वारा दिसंबर 2024 में की गई थी।

–आईएएनएस

पीएके


Related Articles

Latest News