लखनऊ में होटलों की फायर सेफ्टी जांच तेज, दिल्ली अग्निकांड के बाद प्रशासन अलर्ट


लखनऊ, 4 जून (आईएएनएस)। दिल्ली के मालवीय नगर स्थित होटल में हुए भीषण अग्निकांड के बाद उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी फायर सेफ्टी को लेकर विशेष अभियान शुरू किया गया है। गुरुवार को हजरतगंज स्थित जेमिनी कॉन्टिनेंटल होटल में अग्निशमन विभाग की टीम ने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने होटल में मौजूद अग्निशमन उपकरणों, आपातकालीन निकास मार्गों और आग लगने की स्थिति में बचाव की तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही यह भी देखा गया कि होटल में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा है या नहीं।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) अंकुश मित्तल ने बताया कि दिल्ली के मालवीय नगर में हुए दर्दनाक हादसे में कई लोगों की जान गई थी। इसके बाद प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी होटलों की फायर सेफ्टी जांच के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने कहा, “दिल्ली में हुए हादसे के बाद डीजी, एडीजी, कमिश्नर और जिलाधिकारी सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने समीक्षा की और जिले के सभी होटलों की जांच करने के निर्देश दिए। इसी के तहत कार्रवाई की जा रही है।”

अंकुश मित्तल ने बताया कि लखनऊ में कुल नौ फायर स्टेशन हैं और सभी फायर स्टेशनों पर विशेष टीमें गठित की गई हैं। प्रत्येक फायर स्टेशन प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र के होटलों का निरीक्षण कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी होटल में सुरक्षा संबंधी खामियां न हों और आपात स्थिति में लोगों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम मौजूद हों।

फायर विभाग ने होटल संचालकों से सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने और अग्निशमन उपकरणों को पूरी तरह कार्यशील रखने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

दिल्ली के हालिया अग्निकांड के बाद शुरू हुए इस अभियान को राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

–आईएएनएस

एएमटी/पीएम


Related Articles

Latest News