बिहार : मोतिहारी में आग का कहर, तीन बच्चों की मौत


मोतिहारी, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के कुंडवाचैनपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को घर में लगी आग से तीन बच्चों की मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक, गोरगांवा गांव में घर के चूल्हे की चिंगारी से पहले एक घर में आग लगी। इसके बाद हवा तेज होने के कारण आग ने दूसरे घरों के अलावा खेतों को भी अपनी चपेट में ले लिया।

एक अधिकारी ने बताया कि आग लगने के कारण घर में सो रहे शंभू राम के तीन पुत्रों विशाल कुमार, छोटू कुमार और बिट्टू कुमार की झुलसने से मौत हो गई। सभी की उम्र 10 साल से कम बताई जा रही है।

अग्निशमन पदाधिकारी तृप्ति सिंह ने बताया कि चूल्हे में खाना बनाने के बाद चिंगारी से आग लगी। पछुआ हवा तेज होने के कारण आग कई अन्य घरों तक फैल गई। उन्होंने बताया कि करीब 25 से 26 घरों में आग लगी है। आग पर काबू पा लिया गया है।

यह राज्य में आग की आज दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले पटना के एक होटल में लगी आग में छह लोगों की मौत हो गई थी।

–आईएएनएस

एमएनपी/एकेजे


Related Articles

Latest News