फीफा वर्ल्ड कप: बोस्निया-हर्जेगोविना ने कटाया नॉकआउट स्टेज का टिकट, कतर को एकतरफा मुकाबले में 3-1 से रौंदा


नई दिल्ली, 25 जून (आईएएनएस)। फीफा वर्ल्ड कप 2026 में बोस्निया-हर्जेगोविना ने राउंड ऑफ 32 का टिकट हासिल कर लिया है। ग्रुप बी के मुकाबले में बोस्निया-हर्जेगोविना ने कतर को एकतरफा अंदाज में 3-1 से हराया।

हालांकि, कतर के खिलाफ मिली जीत के बावजूद बोस्निया-हर्जेगोविना के नॉकआउट स्टेज में पहुंचने की उम्मीदें अन्य ग्रुप के मुकाबलों के नतीजों पर टिकी हुई थीं। स्कॉटलैंड पर ब्राजील को मिली 3-0 की जीत और मोरक्को के खिलाफ हैती की 2-4 की हार के साथ ही बोस्निया-हर्जेगोविना का राउंड ऑफ 32 में खेलने का सपना साकार हो गया।

सिएटल स्टेडियम में हुए मुकाबले में बोस्निया-हर्जेगोविना की टीम शुरुआत से ही कतर पर हावी नजर आई। टीम के लिए मैच का पहला गोल 18 वर्षीय खिलाड़ी केरिम अलाजबेगोविच ने दागा। उन्होंने मैच के 29वें मिनट में बॉक्स के बाहर से बेहतरीन गोल करते हुए बोस्निया-हर्जेगोविना को 1-0 की बढ़त दिलाई। टीम की यह बढ़त सिर्फ 5 मिनट बाद ही दोगुनी हो गई, जब कतर के गोलकीपर सुल्तान अलब्राके एडिन जेको के क्रॉस को क्लियर करने के प्रयास में खुद का ही गोल कर बैठे।

हालांकि, मैच के 42वें मिनट में कतर ने मुकाबले में शानदार वापसी की। टीम के अनुभवी खिलाड़ी हसन अलहायदोस ने बेहतरीन गोल करते हुए स्कोर को 2-1 कर दिया। हालांकि, इसके बाद पहले हाफ में कोई और गोल नहीं लगा। दूसरे हाफ में कतर ने आक्रामक खेल दिखाया और स्कोर को बराबर करने की पूरी कोशिश की, लेकिन बोस्निया-हर्जेगोविना के डिफेंस ने दमदार प्रदर्शन करते हुए उन्हें कोई मौका नहीं दिया।

मैच के 80वें मिनट में सबस्टिट्यूट खिलाड़ी के तौर पर आए एरमिन माहमिक ने डिफ्लेक्टेड शॉट से बोस्निया-हर्जेगोविना के लिए तीसरा गोल दागा और टीम की जीत पर मुहर लगा दी। 3 मुकाबलों में 4 प्वाइंट होने के बावजूद बोस्निया-हर्जेगोविना को किस्मत का अच्छा साथ मिला, जिसके दम पर टीम ने अगले राउंड में जगह बना ली है। ग्रुप बी से बोस्निया-हर्जेगोविना राउंड ऑफ 32 में पहुंचने वाली तीसरी टीम बनी। इससे पहले, स्विट्जरलैंड और कनाडा ने भी नॉकआउट स्टेज का टिकट हासिल किया।

–आईएएनएस

एसएम/डीकेपी


Related Articles

Latest News