फरहान-सदाकत और शमील करेंगे बांग्लादेश के खिलाफ अपना वनडे डेब्यू: शाहीन अफरीदी


नई दिल्ली, 10 मार्च (आईएएनएस)। पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज 11 मार्च से होने जा रहा है। एकदिवसीय सीरीज की शुरुआत से पहले पाकिस्तान के कप्तान शाहीन शाह अफरीदी ने बताया है कि ढाका में होने वाले पहले वनडे में तीन खिलाड़ी डेब्यू करेंगे। उन्होंने कहा कि साहिबजादा फरहान, माज सदाकत और शमील हुसैन पहले एकदिवसीय मुकाबले में प्लेइंग इलेवन का हिस्सा होंगे।

साहिबजादा फरहान का प्रदर्शन हाल ही में खत्म हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार रहा था। फरहान टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे। उन्होंने 6 मुकाबलों में 160 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 383 रन बनाए थे। फरहान ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में दो शतक लगाए थे। फरहान की हालिया फॉर्म को देखते हुए ही उन्हें अब वनडे टीम में शामिल किया गया है।

अफरीदी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि फरहान टी20 और लिस्ट-ए क्रिकेट के सबसे बेहतरीन बल्लेबाज हैं। उन्होंने बताया कि माज सदाकत पाकिस्तान की ओर से पारी का आगाज करते हुए दिखाई देंगे। कप्तान अफरीदी ने बताया कि शमील हुसैन नंबर तीन की पोजीशन पर खेलते हुए दिखाई देंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि ये तीनों खिलाड़ी इस सीरीज में दमदार प्रदर्शन करेंगे।

अफरीदी ने कहा, “हम उन्हें पाकिस्तान की ओर खेलते हुए देखने के लिए उत्सुक हैं। यह सिर्फ एक सीरीज की बात नहीं है, बल्कि यह फैसला भविष्य को देखते हुए लिया गया है। उन्हें यहां खेलने का अनुभव है। इन खिलाड़ियों ने यहां बांग्लादेश लीग खेली है। साहिबजादा फरहान और सदाकत यहां खेल चुके हैं और पिछले साल कुछ और खिलाड़ी भी शामिल थे। यह सभी यहां के मैदानों और परिस्थितियों से परिचित हैं। मुझे उम्मीद है कि वह अपना बेस्ट प्रदर्शन करके दिखाएंगे।”

पाकिस्तान की टीम एकदिवसीय फॉर्मेट में अच्छी फॉर्म में है। टीम ने पिछली दो सीरीज में अपने घर में साउथ अफ्रीका और श्रीलंका पर जीत हासिल की है। वहीं, बांग्लादेश ने पिछली वनडे सीरीज में वेस्टइंडीज को हराया है। अफरीदी ने उम्मीद जताई है कि वनडे विश्व कप 2027 की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है।

हाल के फॉर्म के बारे में बात करते हुए, शाहीन ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि साउथ अफ्रीका में होने वाले आने वाले ODI वर्ल्ड कप 2027 की तैयारी के लिए दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला होगा। उन्होंने कहा, “कोई भी टीम अपने घर में मजबूत होती है। बांग्लादेश एक अच्छी टीम है और उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन किया था। हालांकि, हम भी तैयार हैं। हमने साउथ अफ्रीका और श्रीलंका के खिलाफ पिछली दो वनडे सीरीज में कमाल का प्रदर्शन किया और हम इसे जारी रखना चाहते हैं।” इस सीरीज के लिए पाकिस्तान की टीम में बाबर आजम, फखर जमान और सैम अयूब को जगह नहीं दी गई है।

–आईएएनएस

एसएम/डीकेपी


Related Articles

Latest News