केडी सिंह बाबू स्टेडियम स्थित भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई इंडोर हाल में गुरुवार को प्रथम यूपी प्रो हैंडबॉल लीग का भव्य आगाज हुआ। तेज संगीत और दर्शकों के उत्साह के बीच खेले गए मुकाबलों में काशी किंग्स, मथुरा ब्रजस्टार और गाजियाबाद पैंथर्स ने जीत के साथ शानदार शुरुआत की। लीग का उद्घाटन उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने किया। इस दौरान वह स्वयं कोर्ट पर उतरे और दमदार शॉट लगाकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित यूपी हैंडबॉल लीग के मुकाबले में गोरखपुर और गाजियाबाद की टीमों के बीच जोरदार भिड़ंत देखने को मिली। बैंगनी टी-शर्ट में उतरी गोरखपुर टीम और नीली टी-शर्ट पहने गाजियाबाद टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने तेज गति और बेहतरीन तालमेल के साथ दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। मैच के दौरान स्टेडियम में उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा और दर्शकों ने खिलाड़ियों का जोरदार उत्साहवर्धन किया। मुकाबला काफी रोमांचक रहा।
काशी किंग्स की रोमांचक जीत
उद्घाटन मुकाबले में काशी किंग्स ने गोरखपुर राउडीज को 19-17 से हराया। अविनाश ने 9 गोल दागे, जबकि अनीश यादव और मोहित घंघास ने तीन-तीन गोल कर योगदान दिया।
मथुरा ब्रजस्टार का दमदार प्रदर्शन
दूसरे मैच में मथुरा ब्रजस्टार ने बर्बरीक वारियर्स को 34-29 से हराया। निहाल जायसवाल और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रवि ने 10-10 गोल किए, जबकि शिवा ने 8 गोल कर एमवीपी बने।
गाजियाबाद पैंथर्स की शानदार जीत
तीसरे मुकाबले में गाजियाबाद पैंथर्स ने नोएडा ब्लास्टर्स को 27-21 से हराया। मोहित ने 8 गोल किए, जबकि अमन और विवेक ने 5-5 गोल कर टीम की जीत सुनिश्चित की। पहले दिन के रोमांचक मुकाबलों ने लीग के आगामी मैचों के लिए उत्साह और प्रतिस्पर्धा को और बढ़ा दिया है।
