डिजाइनिंग की दुनिया में ईशा देओल की एंट्री, धर्मेंद्र के बनाए लोगो के साथ शुरू किया अपना नया प्रोजेक्ट


मुंबई, 11 मई (आईएएनएस)। अभिनेत्री ईशा देओल ने इंटीरियर डिजाइनिंग में ‘द हाउस ऑफ अभिनंदन लोढ़ा’ के साथ हाथ मिलाया है। यह उनके लिए एक नया और रोमांचक सफर है, जिसमें वह घरों की सुंदर डिजाइन और आधुनिक लिविंग स्टाइल से जुड़ेंगी।

अभिनेत्री ने सोमवार को इसी प्रोजेक्ट से जुड़े आयोजन में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने अपने पिता को याद करते हुए बताया कि उनके पिता को डिजाइन और लैंडस्केप की दुनिया में गहरी दिलचस्पी थी।

उन्होंने कहा, “यह उत्साह और भावनाएं ठीक वैसी ही हैं जैसी मैंने साल 2000 में महसूस की थीं, जब मैं अपनी पहली फिल्म के लिए ‘मुराद शॉट’ दे रही थी और आज, 2026 में, जब मैं एक बिल्कुल नई भूमिका और एक नई यात्रा की शुरुआत कर रही हूं, तो भावनाएं लगभग वैसी ही हैं, लेकिन सबसे खूबसूरत बात यह है कि मैं यहां कई जाने-पहचाने चेहरे देख सकती हूं, जो उस समय भी मेरे साथ थे और आज भी हैं। यह मेरे लिए सचमुच बहुत मायने रखता है।”

ईशा कहती हैं, “इस यात्रा का जिक्र मेरे पिता धर्मेंद्र जी के बिना अधूरा ही रहेगा। हम दोनों ही डिज़ाइन्स के प्रति गहरी रुचि रखा करते थे और हमारे बीच का वह खास रिश्ता आज भी मेरे साथ है। पापा और मैं अक्सर अलग-अलग तरह के लैंडस्केप, घरों और साधारण जगहों की डिज़ाइन पर चर्चा किया करते थे और वह हमेशा मुझसे कहते थे, ‘लगी रहो, करती रहो।’ ये शब्द आज भी मेरे साथ हैं और मुझे राह दिखाते हैं। मेरी रचनात्मकता पर उनके भरोसे ने ही मुझे आज पूरी लगन से इस काम को आगे बढ़ाने की हिम्मत दी है।”

अभिनेत्री ने आगे बातचीत में बताया कि उनकी कंपनी का ‘लालटेन वाला लोगो’ अभिनेता धर्मेंद्र ने ही डिजाइन किया था। उन्होंने इसे अपने पिता का आशीर्वाद मानते हुए कहा, “यह एक तोहफा था जो उन्होंने मुझे दिया था। उन्हें लोगो डिजाइन करना बेहद पसंद था, तो आप समझ ही सकते हैं कि यह मेरे लिए महज एक प्रतीक नहीं है, बल्कि यह उनकी ही रोशनी है, जिसे मैं आगे बढ़ा रही हूं।”

ईशा ने आगे अपने पार्टनर अभिनंदन लोढ़ा को अपने साथ जोड़ने के लिए धन्यवाद अदा किया। अभिनेत्री ने लिखा, “मैं आज यहां इसलिए हूं क्योंकि मिस्टर अभिनंदन लोढ़ा यहां हैं। वह एक बहुत ही बेहतरीन इंसान हैं, जिनकी आत्मा बहुत ही विनम्र है। उन्होंने मुझ पर भरोसा किया और मुझे इतना शानदार मौका दिया – यह मेरे लिए बहुत बड़ी बात है और मैं उन्हें और उनकी पूरी टीम को धन्यवाद देना चाहती हूं। आज हमारे साथ ‘हाउस ऑफ अभिनंदन लोढ़ा’ से सैम, श्वेता और महेश जी मौजूद हैं। मैं ‘हाउस ऑफ अभिनंदन लोढ़ा’ के साथ जुड़कर बहुत उत्साहित हूं।”

–आईएएनएस

एनएस/पीएम


Related Articles

Latest News