सांसद अशोक मित्तल पर ईडी की कार्रवाई, आप और सपा ने केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का लगाया आरोप


नई दिल्ली, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) और समाजवादी पार्टी (सपा) ने बुधवार को भाजपा पर विपक्ष के खिलाफ चुनाव से पहले केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया। यह आरोप उस समय लगाया गया जब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आप सांसद अशोक कुमार मित्तल के व्यापारिक और आवासीय परिसरों पर छापेमारी की।

अशोक मित्तल ने हाल ही में राज्यसभा में आप सांसद राघव चड्ढा की जगह पार्टी के उपनेता का पद संभाला। पंजाब के जालंधर और फगवाड़ा में मित्तल के स्वामित्व वाले लवली ग्रुप के कई ठिकानों पर छापेमारी की गई।

ईडी की कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए सपा सांसद राजीव राय ने कहा, ”शायद अगर उन्हें (मित्तल को) आप का उपनेता नहीं चुना गया होता तो ऐसी कार्रवाई नहीं होती।”

उन्होंने कहा, ”उत्तर प्रदेश चुनाव से पहले भी मेरे खिलाफ इसी तरह की छापेमारी की गई थी।”

राय ने आईएएनएस से बातचीत में आरोप लगाया कि केंद्रीय एजेंसियों ने अपनी प्रतिष्ठा खो दी है और उनकी छवि खराब की जा रही है। उन्होंने कहा, ”जब सरकार को लोकतंत्र और जनता पर भरोसा नहीं रहता तो वह लोगों को डराने और धमकाने के लिए इन एजेंसियों का इस्तेमाल करती है।”

पंजाब के मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने आरोप लगाया कि जहां भी किसी राज्य में चुनाव होते हैं, वहां भाजपा ईडी, सीबीआई और चुनाव आयोग जैसी एजेंसियों का खुलकर दुरुपयोग करती है।

उन्होंने कहा, ”अब जब पंजाब में चुनाव नजदीक हैं तो भाजपा ने यहां भी यही शुरू कर दिया है।”

आप नेता अनुराग ढांडा ने भी कहा, ”ऐसा लगता है कि भारतीय जनता पार्टी ने पंजाब में अपनी चुनावी तैयारी शुरू कर दी है।”

उन्होंने आरोप लगाया कि यह भाजपा की कार्यशैली है, जिसमें वह वोटों से नहीं, बल्कि ईडी-सीबीआई और वोटर लिस्ट से चुनाव लड़ती है।

आप नेता प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि राजनीति में कोई संयोग नहीं होता। उन्होंने राघव चड्ढा का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि इसमें उनकी भूमिका भी हो सकती है।

उन्होंने दावा किया कि हाल ही में भाजपा के शीर्ष नेताओं और राघव चड्ढा के बीच बैठक हुई थी, जिसमें यह तय हुआ कि चड्ढा को जेड प्लस सुरक्षा दी जाएगी और अशोक मित्तल के आवास पर छापेमारी होगी।

पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने आम आदमी पार्टी पर राज्य में भ्रष्टाचार में शामिल होने का आरोप लगाया।

उन्होंने हाल ही में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के उस निर्देश का हवाला दिया, जिसमें एससी छात्रों की पोस्ट-मैट्रिक स्कॉलरशिप योजना में कथित करोड़ों के घोटाले में एफआईआर दर्ज न करने पर पंजाब सरकार से सवाल किया गया था।

जाखड़ ने कहा कि ईडी की छापेमारी को इसी संदर्भ में देखा जाना चाहिए।

गौरतलब है कि यह कथित घोटाला पंजाब में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान हुआ था।

–आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी


Related Articles

Latest News