दिलीप ट्रॉफी: गायकवाड़ संभालेंगे वेस्ट जोन की कमान, मुलानी बने उप-कप्तान

[ad_1]

202607203871421

नई दिल्ली, 20 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय ओपनर ऋतुराज गायकवाड़ को आगामी दिलीप ट्रॉफी के लिए वेस्ट जोन टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है, जबकि अनुभवी बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर शम्स मुलानी को उप-कप्तानी सौंपी गई है। यह टीम सोमवार को जोनल सिलेक्शन कमिटी की बैठक के बाद घोषित की गई। दिलीप ट्रॉफी टूर्नामेंट 23 अगस्त से 10 सितंबर तक बेंगलुरु में बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) ग्राउंड्स पर खेला जाएगा।

पिछले साल, भारत के सीम-बॉलिंग ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर ने वेस्ट जोन की कमान संभाली थी। टीम सेमीफाइनल तक तो पहुंची, लेकिन इससे आगे नहीं बढ़ सकी, क्योंकि सेंट्रल जोन ने पहली पारी में बढ़त हासिल कर ली थी। अब, आगामी टूर्नामेंट के लिए कप्तानी की जिम्मा गायकवाड़ को सौंप दिया गया है।

ऋतुराज गायकवाड़ आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की कप्तानी भी करते हैं। वह हाल ही में श्रीलंका ‘ए’ के खिलाफ 50-ओवर की ट्राई-सीरीज और रेड-बॉल मुकाबलों के लिए भारत ‘ए’ टीम में शामिल थे।

वेस्ट जोन के खेमे में हार्विक देसाई और उर्विल पटेल के रूप में दो स्पेशलिस्ट विकेटकीपर को शामिल किया गया है। गायकवाड़ के अलावा, पृथ्वी शॉ और खान बंधु (सरफराज और मुशीर) भी टीम में हैं। उनके साथ जयमीत पटेल और शिवालिक शर्मा से बैटिंग लाइन-अप को मजबूती मिलती है।

स्पिन बॉलिंग की जिम्मेदारी उप-कप्तान मुलानी, ऑफ-स्पिन ऑलराउंडर तनुष कोटियान और बाएं हाथ के स्पिनर सिद्धार्थ देसाई को सौंपी गई है। तेज गेंदबाजी विभाग में ठाकुर के साथ-साथ तुषार देशपांडे, मुकेश चौधरी और ऑलराउंडर अतीत सेठ शामिल हैं।

इसके साथ ही सिलेक्टर्स ने छह सदस्यों की स्टैंडबाय खिलाड़ियों की लिस्ट भी जारी की है, जिनमें जय गोहिल, आर्य देसाई, अर्शिन कुलकर्णी, महेश पिठिया, विशाल जयसवाल और राजवर्धन हंगरगेकर शामिल हैं।

वेस्ट जोन की टीम: ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), शम्स मुलानी (उप-कप्तान), हार्विक देसाई (विकेटकीपर), उर्विल पटेल (विकेटकीपर), जयमीत पटेल, पृथ्वी शॉ, शिवालिक शर्मा, सिद्धार्थ देसाई, सरफराज खान, मुशीर खान, अतीत सेठ, मुकेश चौधरी, तनुष कोटियन, शार्दुल ठाकुर और तुषार देशपांडे।

रिजर्व खिलाड़ी: जय गोहिल, आर्य देसाई, अर्शिन कुलकर्णी, महेश पिठिया, विशाल जयसवाल और राजवर्धन हंगरगेकर।

–आईएएनएस

आरएसजी

[ad_2]

Related Articles

Latest News