नई दिल्ली, 19 फरवरी (आईएएनएस)। टीम इंडिया के पूर्व बल्लेबाज शिखर धवन दूसरी बार दूल्हा बनने जा रहे हैं। धवन अपनी गर्लफ्रेंड सोफी शाइन से शादी कर रहे हैं। धवन ने सोफी संग संगीत कार्यक्रम की तस्वीरें अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘इंस्टाग्राम’ पर शेयर की हैं।
‘गब्बर’ और सोफी तस्वीरों में एक साथ काफी खूबसूरत लग रहे हैं। आयरलैंड की रहने वालीं सोफी फोटो में लहंगा पहने हुए नजर आ रही हैं, जबकि धवन का आउटफिट भी उन्हें खूब सूट कर रहा है।
धवन और सोफी काफी लंबे समय से एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं। इस साल जनवरी में दोनों ने गुपचुप सगाई कर ली थी, जिसकी तस्वीरें बाद में धवन ने अपने इंस्टाग्राम पर शेयर की थीं। शिखर और सोफी एकसाथ रील्स में भी नजर आते हैं।
फैंस कमेंट बॉक्स में इस कपल को नई पारी के लिए जमकर बधाई दे रहे हैं। फैंस को पूर्व भारतीय बल्लेबाज की नई विदेशी दुल्हनिया खूब पसंद आ रही है। उल्लेखनीय है कि हाल ही में धवन सोफी संग एक ट्रिप पर भी गए थे, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कीं।
शिखर धवन का साल 2023 में अपनी पहली पत्नी आयशा मुखर्जी से तलाक हो गया था। दिल्ली के साकेत में स्थित फैमिली कोर्ट ने दोनों के तलाक को मंजूरी दी थी। धवन और आयशा का एक बेटा भी है, जिसका नाम जोरावर है। हालांकि, जोरावर की कस्टडी आयशा के पास है।
धवन ने 24 अगस्त 2024 को इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया था। धवन ने भारत की ओर से 34 टेस्ट, 167 वनडे और 68 टी-20 इंटरनेशनल मैच खेले। इस दौरान उन्होंने कुल मिलाकर 10,867 रन बनाए। शिखर ने अपने करियर में कुल 24 शतक जमाए। धवन का रिकॉर्ड खासतौर पर भारत से बाहर खेलते हुए सबसे शानदार रहा। 2013 में टीम इंडिया को चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब दिलाने में उन्होंने अहम रोल अदा किया था।
–आईएएनएस
शुभम/आरएसजी
