घर से चोरी करने वाला घरेलू सहायक गिरफ्तार, 20 लाख के आभूषण बरामद


नोएडा, 22 फरवरी (आईएएनएस)। नोएडा पुलिस ने घर में काम करने वाले एक घरेलू सहायक को चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया है। उसके पास से चोरी किए गए करीब 20 लाख रुपए के गहने बरामद हुए हैं। इस घरेलू सहायक ने एक बुजुर्ग को सिर पर चोट करके बेहोश कर दिया था और घर से आभूषण लेकर फरार हो गया था।

पुलिस के मुताबिक सेक्टर-113 थाना में महिला ने अपने पिता के घर में लंबे समय से काम करने वाले बिहार निवासी घरेलू सहायक गुड्डू उर्फ विकास कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। इसमें आरोप था कि गुड्डू ने महिला के पिता को बेहोश करके लूटपाट की थी।

पुलिस ने जांच के दौरान गुड्डू उर्फ विकास को गोपनीय सूचना की मदद से सेक्टर-78 की झुग्गियों के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि 27 दिसंबर 2023 को उसने वारदात को अंजाम दिया। उसने झारखंड में आभूषणों को गड्ढा खोदकर छिपा दिया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर जेवरात बरामद कर लिए हैं।

–आईएएनएस

पीकेटी/एबीएम


Related Articles

Latest News