केसरिया न्यूज़, लखनऊ। बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘कृष्णावतारम पार्ट 1: द हार्ट (हृदयम)’ के कलाकारों और क्रू ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके सरकारी आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर फिल्म के निर्देशक हार्दिक गज्जर, निर्माता साजन राज कुरुप, तथा अभिनेता सिद्धार्थ गुप्ता और संस्कृती जयन उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान फिल्म के निर्माण, उसकी विषयवस्तु और सांस्कृतिक महत्व पर विस्तार से चर्चा हुई। निर्माता साजन राज कुरुप ने मुलाकात के बाद कहा, “मुख्यमंत्री योगी से मिलकर बहुत अच्छा लगा। जिस प्रकार उन्होंने हमें मार्गदर्शन दिया, उसके लिए हम आभारी हैं। हम प्रशासन के भी आभारी हैं कि हमें कृष्ण जन्मभूमि पर इस फिल्म को लॉन्च करने का अवसर मिला। उन्होंने हमें बताया कि ऐसे और भी फिल्में बननी चाहिए…”
फिल्म के निर्देशक हार्दिक गज्जर ने भी इसकी सांस्कृतिक प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए कहा, “यह हमारा इतिहास है, न कि पौराणिक कथा। यही वह धरोहर है जिसे हमें आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचाना है। इस माध्यम से हम अपनी संस्कृति और धर्म का अधिकतम प्रचार-प्रसार कर सकते हैं।”
इस फिल्म में सिद्धार्थ गुप्ता श्रीकृष्ण की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि सुष्मिता भट राधा, संस्कृती जयन सत्यभामा और निवाशीनी कृष्णन रुक्मिणी के किरदार में नजर आएंगी। फिल्म के निर्माण से जुड़ी टीम में साजन राज कुरुप, शोभा संत, पूनम श्रॉफ और पार्थ गज्जर शामिल हैं।
फिल्म की पटकथा प्रकाश कपाड़िया, राम मोरी और हार्दिक गज्जर ने लिखी है, जबकि छायांकन का कार्य अयानंका बोस ने किया है। संगीत और बैकग्राउंड स्कोर प्रसेद एस ने तैयार किया है तथा गीत इरशाद कामिल ने लिखे हैं।
‘कृष्णावतारम पार्ट 1: द हार्ट (हृदयम)’ का सिनेमाघरों में प्रदर्शन 7 मई 2026 को प्रस्तावित है।
