मुंबई, 15 जुलाई (आईएएनएस)। एक्टर अजय देवगन और काजोल स्टारर फिल्म ‘प्यार तो होना ही था’ ने अपनी रिलीज के 28 साल पूरे कर लिए हैं। इस मौके पर फिल्म के निर्देशक अनीस बज्मी ने दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
निर्देशक अनीस बज्मी ने इंस्टाग्राम स्टोरीज सेक्शन पर कोलाज तस्वीरें शेयर कीं। एक तस्वीर में वे अजय के साथ नजर आ रहे हैं, जबकि दूसरा फिल्म का पोस्टर है। निर्देशक ने लिखा, “फिल्म ‘प्यार तो होना ही था’ के शानदार 28 साल पूरे। हमारी फिल्म को ढेर सारा प्यार देने और हमेशा के लिए यादगार बनाने के लिए सभी दर्शकों का तहे दिल से धन्यवाद। इस शानदार फिल्म को बनाने वाली पूरी टीम का भी हार्दिक आभार, जिनकी खूबसूरत यादें आज भी हमारे दिलों में जिंदा हैं।”
साल 1998 में रिलीज हुई रोमांटिक कॉमेडी फिल्म ‘प्यार तो होना ही था’ में अजय देवगन और काजोल ने मुख्य भूमिका निभाई थी। बताया जाता है कि यह 1995 की हॉलीवुड फिल्म ‘फ्रेंच किस’ की अनौपचारिक रीमेक थी। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बहुत बड़ी हिट रही थी और इसके गाने आज भी लोगों द्वारा बेहद पसंद किए जाते हैं।
फिल्म में अजय देवगन और काजोल के अलावा, ओम पुरी, सुनील ग्रोवर, रीमा लागू, टीकू तलसानिया, कश्मीरा शाह जैसे कलाकार नजर आए थे।
फिल्म की कहानी संजना (काजोल) नाम की लड़की के ईर्द-गिर्द घूमती है, जिसका मंगेतर राहुल काम के सिलसिले में भारत आता है और निशा (कश्मीरा शाह) के प्यार में पड़कर संजना से रिश्ता तोड़ लेता है।
संजना अपना प्यार वापस पाने के लिए पेरिस से भारत के लिए उड़ान भरती है। रास्ते में उसकी मुलाकात शेखर (अजय देवगन) से होती है, जो एक शातिर चोर है। शेखर की मजबूरी और गलतफहमी के कारण दोनों एक साथ यात्रा करने लगते हैं। संजना राहुल को जलाने के लिए शेखर को अपने बॉयफ्रेंड बनने का नाटक करने के लिए कहती है, और इसी सफर के दौरान दोनों को एक-दूसरे से सच्चा प्यार हो जाता है।
–आईएएनएस
एनएस/एबीएम
