'इंडिया' गठबंधन की बैठक पर दिलीप घोष का तंज, कहा-'ममता बनर्जी मजबूरी में जा रही हैं'


न्यूटाउन, 8 जून (आईएएनएस)। ‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक को लेकर पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री दिलीप घोष ने ममता बनर्जी पर निशाना साधा है।

आईएएनएस से बातचीत करते हुए दिलीप घोष ने कहा कि ‘इंडिया’ गठबंधन में अब कुछ नहीं बचा है, तो इसका क्या फायदा? उन्होंने ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि ममता बनर्जी पहले कभी इसमें शामिल नहीं होती थीं, लेकिन अब मजबूरी में जा रही हैं। जिनके साथ उनकी पार्टी के सांसद, विधायक नहीं हैं, वे दूसरी पार्टी के साथ जा कर क्या करेंगी?

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बीच हुई बैठक को लेकर दिलीप घोष ने कहा कि ममता बनर्जी दिल्ली में केजरीवाल की क्या मदद करेंगी? और केजरीवाल बंगाल में ममता बनर्जी की क्या मदद करेंगे? देखते हैं, ‘इंडिया’ गठबंधन में कितने लोग हैं।

टीएमसी के एक और गुट के बनने पर दिलीप घोष ने कहा कि बैठक में न तो विधायक आए और न ही सांसद। किसी को नहीं पता कि पार्षद कहां हैं, वे गायब हैं, वे दफ्तर नहीं आते। यह ऐसी पार्टी है कि सत्ता से हटते ही पूरी तरह खत्म हो गई है। टीएमसी का विसर्जन होना ही था। अब जनता के जनादेश को मान लेना चाहिए।

बंगाल में अमूल के प्लांट लगाने को लेकर दिलीप घोष ने कहा कि अमूल के पास लंबे समय से अपनी जमीन है, इसलिए उन्होंने तुरंत प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस हफ्ते वे भूमि पूजन करेंगे। इसी तरह, कई कंपनियां जिनकी जमीन बेकार पड़ी थी, अब प्रोजेक्ट्स को विकसित करने के लिए आगे आ रही हैं। इससे बड़े पैमाने पर निवेश होगा। कई नई कंपनियां, चाहे वे राष्ट्रीय हों या अंतर्राष्ट्रीय, यहां आकर कारोबार करने के लिए हमसे संपर्क भी कर रही हैं।

–आईएएनएस

एसडी/


Related Articles

Latest News