डीजीसीए ने दिसंबर 2025 के दौरान हवाई किराए की सीमा के पालन को लेकर इंडिगो को चेतावनी पत्र किया जारी

नई दिल्ली, (केसरिया न्यूज़)। विमानन नियामक नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन, इंडिगो को दिसंबर 2025 में सरकार द्वारा लगाई गई अस्थायी घरेलू हवाई किराया सीमा के पालन के संबंध में एक चेतावनी पत्र जारी किया है। एयरलाइन की मूल कंपनी इंटरग्लोब एविएशन ने गुरुवार को स्टॉक एक्सचेंजों को यह जानकारी दी।

शेयर बाजारों में उपलब्ध एक्सचेंज फाइलिंग के अनुसार, डीजीसीए का यह पत्र उस समय के कुछ हवाई किरायों से संबंधित है, जब सरकार द्वारा तय की गई किराए की सीमाएं लागू थीं।

एविएशन रेगुलेटर ने एयरलाइन को सलाह दी है कि वह भविष्य में पूरी सावधानी बरते और लागू सरकारी आदेशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करे। हालांकि, उसने यह भी बताया कि इंडिगो ने पहले ही सुधारात्मक कदम उठा लिए हैं, जिसमें यात्रियों से ली गई अतिरिक्त राशि वापस करना भी शामिल है।

एयरलाइन के अनुसार, यह सूचना मंगलवार, 21 अप्रैल को मिली थी, और उसने स्पष्ट किया कि इस मामले से उसके वित्तीय मामलों, परिचालन या अन्य गतिविधियों पर कोई खास असर नहीं पड़ा है।

एयरलाइन ने आगे कहा कि रिफंड सहित सभी सुधारात्मक कदम पहले ही पूरे किए जा चुके हैं। उसने जानकारी देने में हुई देरी का कारण डीजीसीए के पत्र का विवरण प्राप्त करने में आंतरिक संचार में हुई चूक को बताया।

गुरुवार को एनएसई पर इंडिगो की मूल कंपनी, इंटरग्लोब एविएशन के शेयर 1 प्रतिशत से अधिक गिरकर 4,567.20 रुपए प्रति शेयर पर बंद हुए। इस एविएशन स्टॉक में पिछले छह महीनों में 20 प्रतिशत से अधिक और इस साल अब तक 10 प्रतिशत की गिरावट आई है। एक साल के आधार पर, इसमें लगभग 18 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। इसके अलावा, स्टॉक ने 52-सप्ताह का उच्चतम स्तर 6,232.50 रुपये और 52-सप्ताह का न्यूनतम स्तर 3,895.20 रुपए छुआ।

इस महीने की शुरुआत में, इस कम लागत वाली एयरलाइन ने घोषणा की थी कि एविएशन फ्यूल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी के कारण, 2 अप्रैल को सुबह 12.01 बजे से की गई सभी नई बुकिंग के लिए वह घरेलू और अंतरराष्ट्रीय, दोनों तरह की उड़ानों पर फ्यूल चार्ज बढ़ाएगी।

–केसरिया न्यूज़

Related Articles

Latest News