Monday, February 23, 2026

यूपी के सुल्तानपुर के देवारघाट का 28.86 करोड़ रुपए से होगा कायाकल्प


सुल्तानपुर, 27 जनवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में गोमती नदी किनारे स्थित देवारघाट के कायाकल्प की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस क्रम में देवारधाट पर सेतु तथा उस तक पहुंचने के मार्ग और सुरक्षात्मक कार्यों के निर्माण की पूर्ति के लिए एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है, जिसके क्रियान्वयन का मार्ग प्रशस्त हो गया है। इन निर्माण कार्यों को पूर्ण करने के लिए योगी सरकार ने 28.86 करोड़ रुपए की धनराशि स्वीकृत की है।

इन कार्यों को पूर्ण करने के लिए पहली किस्त के तौर पर 10.10 करोड़ रुपए की धनराशि जारी कर दी गई है।

सुल्तानपुर को प्रभु श्रीराम के पुत्र महाराज कुश की स्थली के तौर पर जाना जाता है। यहां माता सीता की विश्राम स्थली के तौर पर विख्यात सीताकुंड घाट का पहले ही योगी सरकार सौंदर्यीकरण करा चुकी है और अब अगले पड़ाव के तौर पर देवारघाट के सौंदर्यीकरण, सेतु निर्माण समेत कनेक्टिंग रोड के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है।

लोकनिर्माण विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि जिस प्रक्रार प्रमुख घाटों के सौंदर्यीकरण की प्रक्रिया जारी है, उसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए सुल्तानपुर में भी देवारघाट के कायाकल्प का मार्ग प्रशस्त हुआ है। यहां केवल घाट का सौंदर्यीकरण ही नहीं होगा, बल्कि, सेतु और पहुंच मार्ग का भी निर्माण होगा।

–आईएएनएस

विकेटी/एबीएम


Related Articles

Latest News