यूपी के सरकारी स्कूलों का समय गर्मी में बदलने की उठी मांग, RTE एक्ट और 5 घंटे पढ़ाई का किया जिक्र

भीषण गर्मी के बीच परिषदीय विद्यालयों का समय बदलने की मांग तेज हो गई है। कई जिलों में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंचने से बच्चों की सेहत पर असर पड़ रहा है, ऐसे में स्कूल समय सुबह 7:30 से दोपहर 12:30 बजे तक करने की मांग उठी है।

उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष सुशील कुमार पांडे ने कहा कि बढ़ती गर्मी में बच्चे बेहद परेशान हैं। गांवों में गेहूं कटाई के चलते बिजली कटौती हो रही है, जिससे दोपहर में कक्षाओं में बैठना मुश्किल हो जाता है।

दूर-दराज से आने वाले बच्चे छुट्टी के समय तेज धूप में घर लौटते हुए बीमार पड़ रहे हैं, जिससे उपस्थिति भी प्रभावित हो रही है। बच्चों के स्वास्थ्य और ग्रामीण परिस्थितियों को देखते हुए स्कूल समय बदला जाए।

उन्होंने बताया कि 2015 तक गर्मियों में स्कूल सुबह सात से दोपहर 12 बजे तक चलते थे। वहीं आरटीई एक्ट के अनुसार भी गर्मियों में विद्यालय संचालन का समय पांच घंटे तय है। जबकि अभी स्कूल का समय आठ से दो बजे है।

Related Articles

Latest News