दिल्ली पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी: वांछित लुटेरे गिरफ्तार, कई मामलों का खुलासा


नई दिल्ली, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली की उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना अशोक विहार की टीम ने दो वांछित बदमाशों को गिरफ्तार कर न सिर्फ सनसनीखेज लूट के मामलों का खुलासा किया है, बल्कि चोरी के दो मामलों को भी सुलझा लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित उर्फ राज और मोहम्मद शकील उर्फ भिंडी के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी थाना सुभाष प्लेस और थाना सब्जी मंडी क्षेत्र में दर्ज लूट के मामलों में लंबे समय से वांछित थे। गिरफ्तारी के दौरान उनके कब्जे से एक चोरी की स्कूटी और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया, जो पहले दर्ज चोरी के मामलों से संबंधित पाए गए।

10 अप्रैल को पुलिस को विशेष और विश्वसनीय सूचना मिली कि लूट के मामलों में वांछित आरोपी डब्ल्यूपीआईए क्षेत्र में मौजूद हैं। इस सूचना के आधार पर पीपी डब्ल्यूपीआईए, थाना अशोक विहार की टीम का गठन किया गया। टीम का नेतृत्व एसआई रोहित चाहर ने किया, जबकि निरीक्षक प्रमोद कुमार और एसीपी आकाश रावत के पर्यवेक्षण में पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

पुलिस टीम ने बी-ब्लॉक, डब्ल्यूपीआईए क्षेत्र में घेराबंदी कर निगरानी शुरू की। संदिग्धों के नजर आते ही उन्हें पकड़ने की कोशिश की गई, लेकिन पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे। हालांकि, पुलिस की तत्परता और समन्वित कार्रवाई के चलते दोनों को कुछ दूरी तक पीछा कर स्कूटी समेत पकड़ लिया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी और लूट की कई वारदातों में अपनी संलिप्तता कबूल की। जांच में बरामद स्कूटी (डीएल 6एस बीके 5162) थाना भारत नगर में दर्ज चोरी के मामले से संबंधित पाई गई, जबकि मोबाइल फोन थाना महेंद्र पार्क में दर्ज ई-एफआईआर का हिस्सा निकला। पुलिस ने बताया कि आरोपी अमित उर्फ राज एक आदतन अपराधी है, जो पहले भी स्नैचिंग और चोरी के पांच मामलों में शामिल रह चुका है। वहीं, मोहम्मद शकील का आपराधिक रिकॉर्ड पहले नहीं मिला, लेकिन वह भी हालिया घटनाओं में सक्रिय रूप से शामिल पाया गया।

प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने आसान और जल्दी पैसे कमाने के लालच में अपराध की राह चुनी। पुलिस अब इनके अन्य मामलों में भी संलिप्तता की जांच कर रही है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चोरी की एक स्कूटी और चोरी के एक मोबाइल फोन बरामद किए। साथ ही, चार मामलों का निस्तारण किया गया, जिनमें भारत नगर और महेंद्र पार्क के चोरी के मामले और सब्जी मंडी और सुभाष प्लेस के लूट के मामले शामिल हैं।

उत्तर-पश्चिम जिला की पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव (आईपीएस) ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। फिलहाल, दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और अन्य मामलों में उनकी संभावित भूमिका की जांच की जा रही है।

–आईएएनएस

पीएसके


Related Articles

Latest News