मालवीय नगर अग्निकांड के बाद एक्शन में दिल्ली सरकार, सीएम रेखा गुप्ता शुक्रवार को करेंगी अहम बैठक


नई दिल्ली, 4 जून (आईएएनएस)। दिल्ली के मालवीय नगर में हुए भीषण अग्निकांड के बाद दिल्ली सरकार सख्त रुख अपनाते हुए बड़े कदम उठाने की तैयारी में है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता करेंगी, जिसमें राजधानी में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने और अवैध निर्माण पर प्रभावी अंकुश लगाने को लेकर विस्तृत चर्चा की जाएगी।

सरकार ने साफ कर दिया है कि मालवीय नगर अग्निकांड के लिए जिम्मेदार किसी भी भवन मालिक, अधिकारी या अन्य दोषी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पूरे मामले की गहन जांच कर जवाबदेही तय की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्लीवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए केवल एक पहलू पर नहीं, बल्कि सुरक्षा मानकों के पालन, प्रभावी निगरानी व्यवस्था और जवाबदेह प्रशासनिक तंत्र जैसे सभी मुद्दों पर समग्र रूप से काम करना जरूरी है। उनका कहना है कि भविष्य में ऐसी त्रासदियों को रोकने और दिल्ली को अधिक सुरक्षित बनाने के लिए मजबूत कदम उठाए जाएंगे।

दिल्ली सचिवालय में होने वाली इस बैठक में दिल्ली पुलिस, राजस्व विभाग, नगर निगम (एमसीडी), नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी), दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए), दिल्ली अग्निशमन सेवा, दिल्ली जल बोर्ड और अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मालवीय नगर स्थित गेस्ट हाउस में लगी भयावह आग के पीछे जो भी कमियां या लापरवाही सामने आएगी, उसकी पूरी जांच की जाएगी। इसके साथ ही अग्नि सुरक्षा नियमों और भवन निर्माण उपनियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी संस्थान को नहीं छोड़ा जाएगा।

रेखा गुप्ता ने बताया कि वह विभिन्न विभागों से इस मामले की विस्तृत जानकारी ले रही हैं और दुर्घटनाओं के कारणों के साथ-साथ संबंधित विभागों और अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय की जा रही है।

उन्होंने कहा कि कुछ विभागों में भ्रष्टाचार और लापरवाही के कारण सरकार को अनावश्यक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। अब ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त और प्रभावी कदम उठाने का समय आ गया है, ताकि जान-माल के नुकसान को रोका जा सके और दिल्ली को एक सुरक्षित राजधानी के रूप में स्थापित किया जा सके।

–आईएएनएस

वीकेयू/


Related Articles

Latest News