दिल्ली: 9.58 लाख रुपए की साइबर ठगी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार


नई दिल्ली, 27 मई (आईएएनएस)। पूर्वी दिल्ली के साइबर थाना पुलिस ने 9.58 लाख रुपए की साइबर ठगी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक बुजुर्ग केयरटेकर के भरोसे का फायदा उठाकर उनके क्रेडिट कार्ड की जानकारी का दुरुपयोग किया और सोने के सिक्कों की खरीदारी कर लाखों रुपए की ठगी की। इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने करीब 50 ग्राम वजन के सोने के चार सिक्के भी बरामद किए हैं।

यह पूरा मामला उस वक्त सामने आया जब मधुबन एन्क्लेव निवासी कृष्णा गुप्ता ने नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि उनके इंडसइंड बैंक के क्रेडिट कार्ड का बिना अनुमति इस्तेमाल कर कई ट्रांजैक्शन किए गए, जिससे उन्हें 9 लाख 58 हजार 51 रुपए का नुकसान हुआ। शिकायत के आधार पर साइबर थाना ईस्ट में 14 मई 2026 को बीएनएस की धाराओं 318(4), 303(2), 317(2) और 361(2) के तहत ई-एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के लिए एसीपी ऑपरेशन पवन कुमार की निगरानी में इंस्पेक्टर पवन यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई, जिसमें डब्ल्यूएसआई रिंकी, हेड कांस्टेबल कुलदीप, हेड कांस्टेबल पारस और डब्ल्यूएचसी पूनम शामिल थे। पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज की जांच, फील्ड सर्विलांस और दिल्ली व उत्तर प्रदेश स्थित ज्वेलरी दुकानों से खरीदारी रिकॉर्ड की पड़ताल की। जांच के दौरान तीन आरोपियों की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद तकनीकी और स्थानीय इनपुट के आधार पर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस की जांच में यह खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी निशांत कुमार शिकायतकर्ता के यहां नर्सिंग अटेंडेंट और केयरटेकर के रूप में काम करता था। उसने भरोसे का फायदा उठाते हुए बिना अनुमति क्रेडिट कार्ड की जानकारी हासिल की और उसी का इस्तेमाल कर सोने के सिक्के खरीदे। इस साजिश में उसने अपने भाई निकिल कुमार को भी शामिल किया, जो पूरे नेटवर्क में हैंडलर और सहयोगी की भूमिका निभा रहा था। वहीं, तीसरा आरोपी यश शर्मा दिल्ली के नजफगढ़ और उत्तर प्रदेश के मेरठ स्थित ज्वेलरी दुकानों पर जाकर खुद को कार्ड का असली उपयोगकर्ता बताकर चोरी की गई कार्ड डिटेल्स से सोने के सिक्के खरीदता था।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तर-पूर्वी दिल्ली के गोकलपुरी इलाके के शक्ति गार्डन, साबोली निवासी निशांत कुमार, निकिल कुमार और यश शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने करीब 55 ग्राम सोना खरीदा था, जिसमें से लगभग 50 ग्राम वजन के चार सोने के सिक्के बरामद कर लिए गए हैं। एक अन्य सिक्के और अपराध से जुड़ी रकम की बरामदगी के लिए आगे की जांच जारी है।

पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि वे अपने बैंकिंग और क्रेडिट कार्ड से जुड़ी जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखें। ओटीपी, पिन, सीवीवी और कार्ड नंबर जैसी संवेदनशील जानकारी किसी भी व्यक्ति, घरेलू कर्मचारी या परिचित के साथ साझा न करें। किसी भी संदिग्ध या अनधिकृत बैंकिंग लेनदेन की स्थिति में तुरंत संबंधित बैंक, साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।

–आईएएनएस

पीएसके


Related Articles

Latest News