घटती आबादी ने बढ़ाई जापान की चिंता, पहली बार 42 वर्षों में 120 मिलियन से नीचे पहुंची संख्या


टोक्यो, 29 जुलाई (आईएएनएस)। जापान में रहने वाले जापानी नागरिकों की कुल आबादी इस साल एक जनवरी तक घटकर 119,736,483 रह गई है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 42 साल बाद पहली बार यह संख्या 120 मिलियन से नीचे पहुंची है।

मिनिस्ट्री ऑफ इंटरनल अफेयर्स एंड कम्युनिकेशंस के डेटा मुताबिक, पिछले वर्ष की तुलना में जापानी नागरिकों की संख्या में 917,000 की कमी आई है। 1968 से जब इस तरह के आंकड़े दर्ज किए जाने लगे, तब से यह अब तक की सबसे बड़ी गिरावट है।

स‍िन्हुआ समाचार एजेंसी के अनुसार, जापान के 47 प्रांतों में केवल टोक्यो ऐसा प्रांत रहा, जहां जापानी नागरिकों की संख्या में 0.09 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

वहीं, जापान में रहने वाले विदेशी नागरिकों की संख्या बढ़कर रिकॉर्ड 4,031,159 हो गई है। पिछले साल के मुकाबले इसमें 354,000 की बढ़ोतरी हुई है। 2013 में गिनती शुरू होने के बाद यह अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है।

विदेशी नागरिकों को शामिल करने पर जापान की कुल आबादी 123,767,642 रही, जो पिछले साल के मुकाबले करीब 563,000 कम है। केवल टोक्यो, चिबा और ओसाका प्रांतों में ही आबादी बढ़ी है।

इससे पहले मई में सरकार के आंकड़ों से पता चला था कि जापान में बच्चों की संख्या भी लगातार घट रही है। एक अप्रैल तक 15 साल से कम उम्र के बच्चों की अनुमानित संख्या 13.29 मिलियन रह गई थी, जो पिछले साल से 350,000 कम है। यह अब तक का सबसे कम स्तर है। बच्चों की संख्या में लगातार 45वें साल गिरावट दर्ज की गई है।

जापान के क्योडो न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, इंटरनल अफेयर्स और कम्युनिकेशन मिनिस्ट्री के जारी डेटा के अनुसार, कुल आबादी में 15 साल से कम उम्र के बच्चों की हिस्सेदारी 0.3 प्रतिशत अंक घटकर 10.8 प्रतिशत रह गई है। 1950 के बाद से यह सबसे कम स्तर है।

इन आंकड़ों में विदेशी नागरिकों को भी शामिल किया गया है और इन्हें हर पांच साल में होने वाली राष्ट्रीय जनगणना के आधार पर तैयार किया गया है। जापान में आबादी घटने का सिलसिला पिछले 45 वर्षों से जारी है। सरकार ने बच्चों की परवरिश करने वाले परिवारों को आर्थिक मदद बढ़ाने जैसे कई कदम उठाए हैं, लेकिन जन्म दर में गिरावट नहीं रुकी है। कम होती जन्म दर की समस्या से निपटने के लिए जापान सरकार ने 2030 तक के समय को इस रुझान को बदलने का ‘आखिरी मौका’ बताया है।

–आईएएनएस

एवाई/डीकेपी


Related Articles

Latest News