पाकिस्तान: स्वात पुलिस स्टेशन पर हुए आत्मघाती हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर 17

[ad_1]

20260803346

इस्लामाबाद, 3 अगस्त (आईएएनएस)। कबाल पुलिस स्टेशन पर हुए आत्मघाती हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर 17 हो गई है। सोमवार को दो और घायल पुलिसकर्मियों की मौत हो गई। स्थानीय मीडिया ने इसकी जानकारी दी।

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के स्वात जिले स्थित पुलिस स्टेशन में रविवार को ये धमाका किया गया था। पाकिस्तानी न्यूज चैनल समा टीवी ने अपनी रिपोर्ट में पुलिस अधिकारियों के हवाले से बताया कि इलाज के दौरान दो घायल पुलिसकर्मियों की जान चली गई। इस तरह हमले में मरने वाले पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़कर 7 और आम नागरिकों को मिलाकर मृतक आंकड़ा 17 पहुंच गया है। वहीं, 13 घायल पुलिसकर्मियों का इलाज जारी है।

आत्मघाती हमला पुलिस स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार के पास किया गया था। प्रमुख दैनिक डॉन के मुताबिक यहां सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद थे। ये सभी कबाल चौक पर प्रदर्शन कर रहे थे।

स्वात जिला पुलिस अफसर (डीपीओ) उमर खान ने बताया कि आत्मघाती हमलावर को पुलिस कर्मी ने रोकने की जैसे ही कोशिश की उसने खुद को उड़ा दिया। डीपीओ के अनुसार, हमले के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया और जांच शुरू कर दी।

आत्मघाती हमला उन अटैक्स की कड़ी है जो आए दिन पुलिस और सुरक्षा बलों को निशाना बनाकर खैबर पख्तूनख्वा में अंजाम दिए जा रहे हैं।

इस सप्ताह की शुरुआत में भी खैबर पख्तूनख्वा के हंगू जिले में स्थित खजीना बांदा चेकपोस्ट पर सशस्त्र हमलावरों ने हमला किया था। स्थानीय मीडिया के अनुसार, इस हमले में कम से कम नौ पुलिसकर्मियों की मौत हो गई थी और 28 अन्य घायल हुए थे।

22 जुलाई को भी अज्ञात हमलावरों ने एक पुलिसकर्मी की अंधाधुंध फायरिंग कर हत्या कर दी थी। मामला केपी के अपर साउथ वजीरिस्तान जिले के सर्वेकई इलाके का था।

स्थानीय प्रशासन के हवाले से मीडिया ने बताया था कि सर्वेकई पुलिस स्टेशन पर तैनात कॉन्स्टेबल अपनी ड्युटी पर आ रहा था जब उसको घात लगाकर मारा गया। उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया था।

–आईएएनएस

केआर/

[ad_2]

Related Articles

Latest News