Sunday, February 22, 2026

नोएडा में मां-बेटी की मौत, एक बेटी गंभीर, चौथी मंजिल से बेटियों को फेंक खुद भी कूदी थी महिला (लीड-1)


नोएडा, 21 फरवरी (आईएएनएस)। नोएडा के बरौला गांव में रहने वाली एक महिला ने अपनी दो बेटियों को चौथी मंजिल से फेंक दिया। इसके बाद खुद भी कूदकर आत्महत्या की कोशिश की। इस घटना में महिला और उसकी एक बेटी की मौत हो गई। जबकि, दूसरी बच्ची का इलाज जारी है।

मिली जानकारी के मुताबिक सरिता का पति मनोज प्रयाग अस्पताल की कैंटीन में काम करता है। सुबह 9:30 बजे के आसपास मनोज घर से खाना खाकर कैंटीन आ गया था। उसके बाद करीब 10 से 20 मिनट पर पड़ोसियों ने मनोज को फोन पर हादसे की जानकारी दी।

घटना में सरिता और उसकी बेटी कृतिका (4 साल) की मौत हो गई है। वहीं, दिव्या (3 साल) का इलाज चल रहा है। मनोज की 7 साल की एक अन्य बेटी भी है, जो हादसे के समय स्कूल गई थी।

बताया गया कि महिला की चार बेटियां थी, एक बेटी को उसने अपनी बड़ी बहन को दे दिया था।

पुलिस के मुताबिक सेक्टर-49 थाने को सूचना मिली थी कि शिव मंदिर के पास बरौला गांव में एक महिला सरिता (32) करीब तीन साल से किराए पर रहती थी। महिला के साथ घर पर उसकी दो बेटी थी, एक अन्य बेटी स्कूल गई थी। पड़ोसियों ने सूचना दी कि महिला अपनी दो बेटियों के साथ छत से गिर गई है। पुलिस ने महिला और दोनों बच्चियों को इलाज के लिए तुरंत अस्पताल पहुंचाया। जहां महिला और बेटी कृतिका की मौत हो गई। जबकि, दूसरी बेटी का इलाज जारी है।

–आईएएनएस

पीकेटी/


Related Articles

Latest News