सहारनपुर, 29 जनवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के देवबंद थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दलित युवक का शव पेड़ से लटका मिला। इसकी जानकारी वहां से गुजरने वाले लोगों ने पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
युवक के परिजनों ने हत्या कर शव को पेड़ पर लटकाने का आरोप लगाया है। फिलहाल, पुलिस सभी एंगल पर जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक युवक की पहचान राजन (24) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से सहारनपुर के मायापुर गांव का रहने वाला था।
पुलिस ने कहा है कि शव के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। आसपास के लोगों से पूछताछ की गई। लेकिन, घटना का स्पष्ट कारण नहीं पता चल सका। इस दौरान क्राइम टीम और एफएसएल टीम ने मौके से सबूतों को इकट्ठा किया। आगे जांच की जा रही है।
–आईएएनएस
विमल कुमार/एबीएम
