कोलकाता, 10 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को हराकर टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी को तीसरी बार अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में गेंद से जसप्रीत बुमराह भारतीय टीम की जीत के नायक रहे। बुमराह ने महज 15 रन देकर 4 विकेट चटकाए। भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने बुमराह को एक खास गेंदबाज बताया है। गांगुली ने कहा कि दबाव में बुमराह जिस तरह का प्रदर्शन करते हैं वो लाजवाब है।
एक किताब के विमोचन अवसर पर जब पूर्व भारतीय कप्तान से बुमराह पर टिप्पणी करने को बोला गया तो उन्होंने कहा, “मैं बुमराह पर क्या ही टिप्पणी करूं वो लाजवाब हैं। बुमराह एक खास गेंदबाज हैं और वह दबाव में जिस तरह की गेंदबाजी करते हैं उसकी बात की अलग है। फाइनल में बुमराह का प्रदर्शन कमाल का रहा।”
बुमराह टी20 विश्व कप के फाइनल मुकाबले में 4 विकेट लेने वाले तीसरे गेंदबाज बने। बुमराह ने खिताबी मुकाबले में रचिन रविंद्र, मिचेल सैंटनर, जेम्स नीशम और मैट हेनरी को पवेलियन की राह दिखाई। बुमराह टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज भी हैं। वह इस टूर्नामेंट में 40 विकेट निकाल चुके हैं।
सौरव गांगुली ने संजू सैमसन की भी जमकर सराहना की। दादा ने कहा कि संजू को टी20 और वनडे दोनों ही टीमों में लगातार मौके मिलने चाहिए। उन्होंने कहा कि वह सैमसन की काबिलियत को अच्छे से जानते हैं और इसी वजह से वह उनके दमदार प्रदर्शन से बिल्कुल भी हैरान नहीं हैं। संजू सैमसन ने न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल मुकाबले में बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों में 89 रनों की दमदार पारी खेली।
संजू टी20 विश्व कप के फाइनल मैच में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बने। विकेटकीपर-बल्लेबाज को टूर्नामेंट में उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप में खेले 5 मैचों में 199 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 321 रन बनाए।
वह टी20 विश्व कप के एक संस्करण में सर्वाधिक रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बने। संजू ने विराट कोहली का रिकॉर्ड ध्वस्त किया। भारत घरेलू सरजमीं पर टी20 वर्ल्ड कप जीतना वाला पहला देश बना। इसके साथ ही सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया टी20 विश्व कप के खिताब का बचाव करने वाली भी दुनिया की पहली टीम बनी।
–आईएएनएस
एसएम/वीसी
