IPL 2026 में तीसरा मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला जाएगा। मैच राजस्थान के सेकेंड होम ग्राउंड गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में होगा। मैच शाम 7:30 बजे से शुरू होगा, जबकि टॉस 7 बजे होगा। पूर्व कप्तान एमएस धोनी का इस मैच में खेलना मुश्किल है। CSK ने शनिवार को एक पोस्ट में बताया, धोनी IPL 2026 के शुरुआती दो हफ्ते बाहर रह सकते हैं। वे मांसपेशियों में खिंचाव के कारण रिहैब से गुजर रहे हैं। उन्हें काफ स्ट्रेन, यानी पिंडली में खिंचाव है।
CSK पांच बार (2010, 2011, 2018, 2021, 2023) की चैंपियन रही है, लेकिन टीम का पिछला सीजन काफी खराब रहा था। टीम पॉइंट्स टेबल में आखिरी यानी 10वें स्थान पर रही थी। वहीं, RR ने अब तक एक बार खिताब जीता है, लेकिन पिछला सीजन उनके लिए भी अच्छा नहीं रहा और टीम 9वें स्थान पर रही
राजस्थान और चेन्नई के बीच हेड टु हेड मुकाबले बेहद कड़े रहते हैं। दोनों टीमों के बीच अब तक 32 मैच खेले गए, दोनों को 16-16 में जीत मिली। दोनों टीमों के बीच गुवाहाटी में अब तक केवल एक मैच हुआ, यहां पिछले सीजन ही राजस्थान को 6 रन से जीत मिली थी।
सैमसन-जडेजा पुरानी टीम के खिलाफ उतरेंगे
संजू सैमसन और रवींद्र जडेजा इस सीजन अपनी-अपनी पुरानी टीमों के खिलाफ खेलते नजर आएंगे। सैमसन पिछले एक दशक से ज्यादा समय तक राजस्थान का हिस्सा रहे, अब चेन्नई की जर्सी में दिखाई देंगे। वहीं, लंबे समय तक चेन्नई के लिए खेलने वाले जडेजा इस बार राजस्थान की ओर से मैदान में उतरेंगे।
