उत्तर प्रदेश के लगभग सभी जिले मंगलवार को भी भीषण गर्मी और लू के प्रकोप से बेहाल रहे। बुंदेलखंड का बांदा जिला देश का सबसे गर्म स्थान रहा जहां अधिकतम तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार गर्मी से राहत की फिलहाल कोई उम्मीद नहीं है। प्रदेश में लू से भीषण लू का रेड अलर्ट अगले दो दिन रहेगा जबकि उसके बाद ऑरेंज अलर्ट जारी रहेगा।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अगले दो दिनों तक उष्ण रातें रहेंगी। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना हुआ है तथा तेज सतही हवाओं के साथ कई जिलों में हीटवेव से लेकर गंभीर हीटवेव की स्थिति बनी हुई है। राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश के कई शहरों में तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया है।मौसम विभाग के अनुसार लखनऊ का अधिकतम तापमान 40.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.7 डिग्री अधिक रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.5 डिग्री अधिक है।
अगले 24 घंटों के दौरान लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में आसमान साफ रहने तथा 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि दक्षिणी उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों तथा शेष प्रदेश के कई जिलों में हीटवेव से गंभीर हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है।
वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में गर्म रात (वार्म नाइट) की भी संभावना है। प्रदेश में सर्वाधिक तापमान बांदा में 48.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.7 डिग्री अधिक रहा। इसके अलावा झांसी और आगरा में अधिकतम तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। प्रयागराज में पारा 45.8 डिग्री, उरई में 45.2 डिग्री, कानपुर शहर में 44 डिग्री और मेरठ में 43.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
