झारखंड : एसआईआर के लिए समय बढ़ाने की मांग, कांग्रेस ने चुनाव आयोग को सौंपा ज्ञापन


रांची, 10 जुलाई (आईएएनएस)। झारखंड प्रदेश कांग्रेस ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत बड़े शहरी विधानसभा क्षेत्रों में कार्य की धीमी प्रगति का हवाला देते हुए चुनाव आयोग से एन्यूमरेशन फॉर्म जमा करने की समयसीमा 15 दिन बढ़ाने की मांग की है।

पार्टी नेताओं ने शुक्रवार को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के माध्यम से चुनाव आयोग को ज्ञापन सौंपकर कहा कि मौजूदा समयसीमा में बड़ी संख्या में पात्र मतदाता सूची से छूट सकते हैं। प्रदेश कांग्रेस के अनुसार यह ज्ञापन पार्टी के झारखंड प्रभारी के. राजू और प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के निर्देश पर सौंपा गया।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार की अनुपस्थिति में अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार को ज्ञापन दिया गया। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश कांग्रेस महासचिव सूर्यकांत शुक्ला, प्रदेश महासचिव एवं मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव तथा सोशल मीडिया विभाग के उपाध्यक्ष संजय कुमार शामिल थे।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि 30 जून से 29 जुलाई तक चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाताओं को एन्यूमरेशन फॉर्म वितरित करने और उन्हें डिजिटलाइज करने का कार्य अपेक्षित गति से नहीं हो रहा है। उनका दावा है कि रांची विधानसभा क्षेत्र में अब तक केवल 4.14 प्रतिशत, हटिया में 8.48 प्रतिशत, धनबाद में 4.78 प्रतिशत, झरिया में 5.96 प्रतिशत और बोकारो में 11.56 प्रतिशत मतदाताओं का ही डिजिटाइजेशन हो सका है।

पार्टी नेताओं ने कहा कि विशेष रूप से अधिक आबादी वाले विधानसभा क्षेत्रों में फॉर्म वितरण और डिजिटाइजेशन की धीमी रफ्तार चिंता का विषय है। उनका कहना है कि यदि वर्तमान समयसीमा में ही प्रक्रिया समाप्त कर दी गई तो अनेक पात्र मतदाता अपना फॉर्म जमा नहीं कर पाएंगे और मतदाता सूची से वंचित रह सकते हैं।

कांग्रेस ने चुनाव आयोग से एन्यूमरेशन चरण की अंतिम तिथि 29 जुलाई से बढ़ाकर 13 अगस्त करने का अनुरोध किया है। पार्टी का कहना है कि अतिरिक्त 15 दिनों का समय मिलने से शेष बचे पात्र मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित किया जा सकेगा और निष्पक्ष एवं व्यापक मतदाता सूची तैयार करने के उद्देश्य को बल मिलेगा।

–आईएएनएस

एसएनसी/एसके


Related Articles

Latest News