Saturday, February 21, 2026

राष्ट्रविरोधी कृत्यों को 'युवा जोश' कहकर छोटा दिखाने की कोशिश कर रही कांग्रेस: रोहन गुप्ता


अहमदाबाद, 21 फरवरी (आईएएनएस)। भाजपा नेता रोहन गुप्ता ने एआई समिट में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन पर कांग्रेस नेता गुरदीप सप्पल के बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राष्ट्रविरोधी कृत्यों को युवा जोश कहकर छोटा दिखाने की कोशिश कर रही है।

कांग्रेस नेता गुरदीप सप्पल ने इंडियन यूथ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन का बचाव करते हुए कहा कि वे युवा हैं, कभी जोश में आ जाते हैं। वहीं, शनिवार को इंडियन यूथ कांग्रेस ने महात्मा गांधी की तस्वीर शेयर कर लिखा कि हम गांधी के वंशज हैं। शर्टलेस ही सही। कल भी लड़ रहे थे, आगे भी लड़ते रहेंगे।

भाजपा नेता रोहन गुप्ता ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि यह बहुत बदकिस्मती की बात है कि ऐसे घिनौने कामों, देश के खिलाफ कामों को युवाओं का जोश बताकर छोटी-मोटी घटनाएं बताया जा रहा है। एआई समिट का मंच साधारण नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंच था। कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की अनुमति के बिना कांग्रेस का यूथ विंग ये कृत्य कर ही नहीं सकता। ऐसा पहली बार हुआ है जब देश से ऊपर राजनीति चली गई और कांग्रेस ने साबित कर दिया कि वो अपना अस्तित्व बचाने के लिए देश की साख पर भी बट्टा लगा सकती है। माफी नहीं मांगेंगे तो देश भी इसका विरोध करेगा।

भाजपा नेता ने कहा कि बड़े शर्म की बात है कि एक तो गलत काम किया। अब राष्ट्रपिता की फोटो शेयर कर अपनी बेशर्मी छिपा रहे हैं। देश के लिए महात्मा गांधी ने जंग किया। एआई समिट में विश्व की कंपनियां भारत के साथ जुड़ रही हैं, और भारतीयों ने परचम लहराया। दूसरे एआई प्लेटफॉर्म से भारत ने आगे जाने का काम किया। अब चारों तरफ से कांग्रेस को फटकार मिल रही है, तो वे महात्मा गांधी की फोटो में छिपना चाहते हैं। जनता से माफी मांगें, नहीं तो देश कभी माफ नहीं करेगा।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बयान पर भाजपा नेता रोहन गुप्ता ने कहा कि सपा को समझाना होगा, उनके शासनकाल के पाप जनता भूली नहीं है, दिन पर दिन हत्याएं होती थीं, और जो अयोध्या में राम मंदिर का विरोध करते हैं, आज वहां के विकास दर को समझें। यूपी में सपा के पास चर्चा के लिए कोई मुद्दा नहीं है, तुष्टिकरण की राजनीति में इतना आगे चले गए कि कुंभ का विरोध किया। सपा के पाप का हिसाब जनता लेगी।

–आईएएनएस

डीकेएम/डीकेपी


Related Articles

Latest News