Sunday, February 15, 2026

कांग्रेस पार्टी 5 जनवरी से करेगी मनरेगा बचाओ आंदोलन: अखिलेश प्रसाद सिंह


नई दिल्ली, 27 दिसंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता अखिलेश प्रसाद सिंह ने विकसित भारत-जी राम जी योजना का विरोध जताते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने इस योजना के खिलाफ संसद में विरोध जताया। अब कांग्रेस पार्टी मनरेगा बचाओ आंदोलन शुरू करेगी। इसकी शुरुआत 5 जनवरी से होगी।

कांग्रेस नेता का यह बयान उस वक्त आया है, जब शनिवार को कांग्रेस की वर्किंग कमेटी की मीटिंग हुई। इस मीटिंग में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे समेत अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

इस मीटिंग के बाद कांग्रेस नेता अखिलेश प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस मनरेगा बचाओ आंदोलन 5 जनवरी से पूरे जोर-शोर से शुरू करेगी। यह आंदोलन फरवरी तक जारी रहेगा।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह के सोशल मीडिया ‘पोस्ट’ पर जब उनसे प्रतिक्रिया मांगी गई तो उन्होंने कहा कि बैठक में उन्हें लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है।

कांग्रेस नेता अविनाश पांडे ने कहा कि मनरेगा को उसके पुराने फॉर्म में ले लाने के लिए चर्चा हुई, जिसमें मजदूरों को रोजगार का अधिकार दिलाने की बात थी। विकसित भारत-जी राम जी योजना को लेकर विरोध जारी रहेगा। मनरेगा के तहत मजदूरों को रोजगार का अधिकार सुनिश्चित करने की मांग को गंभीरता से लिया जाना चाहिए और इस कानून को कानूनी अधिकार के तौर पर लागू किया जाना चाहिए, न कि इसे चैरिटी समझा जाए।

उन्होंने कहा कि बहुत महत्वपूर्ण बैठक रही है। जिस तरह से केंद्र सरकार ने मनरेगा योजना को पूरी तरह से बदल दिया है और इसे काफी कमजोर कर दिया है, उससे लोगों को इसके मुख्य मकसद से वंचित कर दिया गया है, इसलिए बैठक में इस मुद्दे पर गंभीर चर्चा हुई।

कांग्रेस वर्किंग कमेटी की मीटिंग के बाद पार्टी सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि सरकार ने ग्रामीण इलाकों में करोड़ों लोगों से रोजगार छीन लिए हैं। हमने संसद में मनरेगा का मुद्दा उठाया है, और हम इसे पूरे देश में ले जाएंगे।

उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में इंदिरा भवन में आयोजित कांग्रेस कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें देश के महत्वपूर्ण राजनीतिक विषयों पर चर्चा हुई।

–आईएएनएस

डीकेएम/डीकेपी


Related Articles

Latest News