कांग्रेस तुष्टिकरण की राजनीति कर रही, भारत-यूके व्यापार समझौता से मिलेगा लाभ: आरपी सिंह


नई दिल्ली, 15 जुलाई (आईएएनएस)। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह ने बुधवार को विभिन्न राष्ट्रीय और राजनीतिक मुद्दों पर टिप्पणी की। उन्होंने आर्टिकल 370 को लेकर सैफुद्दीन सोज के बयान, रामलीला और कांवड़ यात्रा को लेकर सीएम योगी के बयान, मध्य प्रदेश के प्रस्तावित यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) ड्राफ्ट समेत कई मुद्दों पर अपनी बेबाक राय रखी।

अनुच्छेद 370 को फिर से लागू करने संबंधी कांग्रेस नेता सैफुद्दीन सोज की टिप्पणी पर आरपी सिंह ने कहा कि सोज केवल आर्टिकल 370 और 35ए की बात नहीं कर रहे, बल्कि वह जम्मू-कश्मीर की खुदमुख्तारी, ऑटोनॉमी और स्वतंत्र राज्य की दिशा में बात कर रहे हैं। कांग्रेस नेताओं का इस तरह का रुख नया नहीं है। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे इस मुद्दे पर चुप्पी साध रखे हैं। कांग्रेस मुस्लिम वोट बैंक की राजनीति के कारण इस तरह के रुख अपनाती है और उसे मुस्लिम तुष्टिकरण से आगे कुछ दिखाई नहीं देता।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के रामलीला और कांवड़ यात्रा संबंधी बयान पर भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि इतिहास गवाह है कि कांग्रेस ने कांवड़ यात्रा पर प्रतिबंध लगाया था और भगवान राम के अस्तित्व पर भी सवाल उठाए थे। उन्होंने कपिल सिब्बल का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने राम मंदिर मामले की सुनवाई टालने की मांग की थी और अब वह राज्यसभा सदस्य हैं। कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों की सोच एक जैसी है और उनका उद्देश्य सनातन परंपरा को बदनाम करना है।

मध्य प्रदेश सरकार के प्रस्तावित यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) ड्राफ्ट में लिव-इन रिलेशनशिप के अनिवार्य पंजीकरण के प्रस्ताव का समर्थन करते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि वर्तमान सामाजिक परिस्थितियों को देखते हुए यह एक स्वागत योग्य कदम है। जिस प्रकार विवाह का पंजीकरण होता है, उसी प्रकार लिव-इन रिलेशनशिप का भी पंजीकरण होना चाहिए, क्योंकि ऐसे संबंधों के दौरान कई बार महिलाओं और विशेष रूप से बेटियों के साथ अप्रिय घटनाएं सामने आती हैं। इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए इस प्रावधान को मसौदे में शामिल करने का निर्णय उचित है।

परिसीमन और महिला आरक्षण को लेकर कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम के दावों पर आरपी सिंह ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने सहयोगी दलों के साथ विश्वासघात करती है और आरोप भाजपा पर लगाती है। भाजपा लगातार सभी दलों, विशेषकर कांग्रेस से महिला आरक्षण कानून का समर्थन करने की अपील कर रही है। कांग्रेस की नीतियां महिला विरोधी रही हैं और यदि कोई अन्य दल महिला आरक्षण के समर्थन में आगे आता है तो कांग्रेस को उससे आपत्ति नहीं होनी चाहिए।

पश्चिम बंगाल में टीएमसी के वरिष्ठ नेताओं मदन मित्रा और अनुब्रत मंडल के पार्टी छोड़ने के घटनाक्रम पर उन्होंने कहा कि मदन मित्रा जैसे बड़े नेता ने भी यही आरोप लगाया है कि पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अपने भतीजे के प्रति अत्यधिक मोह के कारण पार्टी के अन्य नेताओं की उपेक्षा कर रही हैं। इसी कारण टीएमसी के नेता एक-एक कर पार्टी छोड़ रहे हैं।

पंजाब कांग्रेस में जारी अंदरूनी खींचतान पर भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस अपने ही संगठन को संभालने में असफल साबित हो रही है। कांग्रेस नेता भूपेश बघेल के बयान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने भी स्वीकार किया है कि यह कोई ‘गुड्डा-गुड्डियों का खेल’ नहीं है। कांग्रेस नेतृत्व ने प्रदेश अध्यक्ष थोप दिया है, जिसके कारण चरणजीत सिंह चन्नी, सुखजिंदर सिंह रंधावा, प्रताप सिंह बाजवा और परगट सिंह जैसे कई वरिष्ठ नेता नाराज हैं। राहुल गांधी के पास पार्टी के आंतरिक संकट पर ध्यान देने का समय नहीं है और उन्हें नहीं लगता कि कांग्रेस के भीतर हालात जल्द सामान्य होंगे।

भारत और यूनाइटेड किंगडम के बीच हुए व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौते पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान का समर्थन करते हुए आरपी सिंह ने कहा कि इस समझौते से किसानों, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों (एमएसएमई) और भारतीय निर्यातकों को बड़ा लाभ मिलेगा। इस व्यापार समझौते के बाद भारतीय उत्पादों का निर्यात कई क्षेत्रों में ड्यूटी-फ्री होगा, जिससे भारतीय कृषि और एमएसएमई क्षेत्र को सीधा आर्थिक फायदा पहुंचेगा। यह समझौता भारत की अर्थव्यवस्था और वैश्विक व्यापार में उसकी प्रतिस्पर्धात्मक स्थिति को और मजबूत करेगा।

–आईएएनएस

पीएसके/डीकेपी


Related Articles

Latest News