अर्जेंटीना के विश्व कप फाइनल में पहुंचने पर कोच स्कालोनी बोले-'यह टीम मुझे हमेशा हैरान करती है'


अटलांटा, 16 जुलाई (आईएएनएस)। अर्जेंटीना के कोच लियोनेल स्कालोनी ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में पहुंचने के बाद अपनी टीम की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि अर्जेंटीना की टीम में कुछ खास है और खिलाड़ियों का प्रदर्शन उन्हें हर बार हैरान कर देता है। स्कालोनी ने कहा कि टीम की प्रशंसा करना घमंड नहीं, बल्कि खिलाड़ियों की मेहनत और जज्बे पर भरोसा है।

सेमीफाइनल मुकाबले में अर्जेंटीना ने इंग्लैंड को 2-1 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। इंग्लैंड ने एंथनी गॉर्डन द्वारा मैच के 55वें मिनट में किए गए गोल की बदौलत सेमीफाइनल मुकाबले में 1-0 की बढ़त बना ली थी। एक समय पर ऐसा लग रहा था कि इंग्लैंड लंबे समय बाद फाइनल में पहुंचने में सफल रहेगा। हालांकि, अर्जेंटीना ने बेहतरीन वापसी करते हुए अंत के सात मिनट में दो गोल दागे और लगातार दूसरी बार फाइनल का टिकट हासिल किया।

एंजो फर्नांडीज और लाउतारो मार्टिनेज ने अर्जेंटीना के लिए गोल किया। दोनों गोलों में कप्तान लियोनेल मेसी ने अहम भूमिका निभाई। यह अर्जेंटीना की एक और यादगार वापसी रही। इससे पहले, टीम ने राउंड ऑफ 16 में मिस्र के खिलाफ भी पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए जीत हासिल की थी।

मैच के बाद स्कालोनी ने कहा कि उनके पास अपनी टीम के लिए शब्द नहीं हैं। उन्होंने कहा, “यह हमारे देश और लोगों के लिए बहुत बड़ी खुशी है। यह टीम मुझे हमेशा हैरान करती है। इन खिलाड़ियों की क्षमता को समझाना आसान नहीं है। हम सच में अनोखे हैं और यह कोई घमंड नहीं, बल्कि दिल से निकली बात है।” स्कालोनी ने फैंस का भी धन्यवाद किया और कहा कि मैदान में मौजूद समर्थकों ने टीम का हौसला बढ़ाकर जीत में अहम भूमिका निभाई।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में कोच ने मैच के घटनाक्रम के बारे में बात करते हुए कहा, “सच कहूं तो, टीम तब सबसे अच्छा खेलती है जब वह दबाव में होती है। हम जब दबाव में होते हैं और विरोधी टीम थोड़ी भी हिचकिचाती है, तो हम मौके को भांप लेते हैं और पूरी ताकत से हमला करते हैं। ऐसा लगता है जैसे गोल में कोई वैक्यूम क्लीनर हो जो आपको अपनी ओर खींच रहा हो। “इंग्लैंड के गोल करने के बाद से, यह एक ऐसा प्रदर्शन था जो फुटबॉल से हमारी हर उम्मीद को पूरा करता है। फुटबॉल सिर्फ तकनीक, रणनीति और बेहतरीन खेल के बारे में नहीं है। फुटबॉल वह सब कुछ है जो उन 40 मिनटों में दिखा। जब हमने स्कोर 2-1 किया, तो हमें डटकर खेलना पड़ा, और हमने अंत तक ऐसा किया। टीम का यह प्रदर्शन वही जज्बा दिखाता है, जो खिलाड़ियों को बचपन से फुटबॉल के बारे में सिखाया जाता है।” फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में अर्जेंटीना की भिड़ंत अब स्पेन से होगी।

–आईएएनएस

एसएम/पीएम


Related Articles

Latest News